West Bengal Police Arrest TMC MLA: पश्चिम बंगाल में वायरल वीडियो पर हुए बवाल के बाद एसटीएफ ने बड़ा एक्शन लिया है। पश्चिम बंगाल पुलिस ने बुधवार को फरार तृणमूल विधायक दिलीप मंडल को ओडिशा के पुरी से हिरासत में ले लिया है। विधायक बंगाल से फरार हो गया था। दक्षिण 24 परगना जिले के बिष्णुपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक दिलीप मंडल को पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक होटल से हिरासत में ले लिया।
पुलिस के ने बताया कि दिलीप मंडल को ट्रांजिट रिमांड पर ओडिशा से कोलकाता लाया जा रहा है। हाल ही में बिष्णुपुर के विधायक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, हालांकि, इसकी प्रामाणिकता की पुष्टी नहीं की जा सकी है। वायरल हुए इस वीडियो में आरोप लगाया गया है कि दिलीप ने एक अन्य पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को धमकी दी थी।
इस घटना को लेकर विधायक दिलीप मंडल के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने धमकी देने के आरोपों के आधार पर गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी जांच के चलते 14 मई को विधायक दिलीप मंडल के आवास पर छापा मारा गया था। लेकिन वे घर पर नहीं मिले। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि छापेमारी की खबर मिलते ही वह घर से फरार हो गए थे। तब से विधायक दिलीप छिपे हुए थे और किसी के हाथ नहीं लग रहे थे। पुलिस विभिन्न स्थानों पर उनकी तलाश कर रही थी। हालांकि, उनके ठिकाने का पता नहीं चल पा रहा था। पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले बंगाल पुलिस की एसटीएफ को सूचना मिली थी कि दिलीप पुरी के एक होटल में छिपे हुए हैं।
इस सूचना के आधार पर एसटीएफ और डायमंड हार्बर पुलिस होटल पहुंची और वहां के रजिस्टर की जांच कर दिलीप की मौजूदगी की पुष्टि की गई। इसके बाद पुलिस ने होटल के कमरे में छापा मारकर उन्हें हिरासत में ले लिया।
यह भी पढ़ें - सपा ने BJP शासन में हुई हत्याओं का दिया लेखा-जोखा, लगाए पोस्टर, मंत्री ओपी राजभर बोले- लिखो हत्यारा यादव था
गौरतलब है कि 17 मई को पुलिस ने विधायक के बेटे अर्घ्य मंडल समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। डायमंड हार्बर जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, अर्घ्य को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था। उस पर इलाके में अशांति फैलाने का आरोप है।
पश्चिम बंगाल पुलिस की एसटीएफ और डायमंड हार्बर पुलिस ने विधायक के बेटे की तलाश में संयुक्त अभियान चलाया था। अर्घ्य समेत पांच लोगों को बंगाल की खाड़ी के पास बक्खाली-फ्रेजरगंज इलाके से गिरफ्तार किया गया था।
(एजेंसी इनपुट के साथ)