Man Saves Child : सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों के दिलों में इंसानियत पर भरोसा फिर से जगा दिया है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक छोटी बच्ची खेलते-खेलते अचानक बिजली के खंभे के पास चली जाती है।
इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ जाती है और वहीं फंस जाती है। बच्ची को बिजली का तेज झटका लगता है और वह खुद को छुड़ा नहीं पाती। यह दृश्य इतना डरावना है कि वीडियो देखने वालों की रूह तक कांप जाती है।
इसी बीच वहां मौजूद एक व्यक्ति हालात को तुरंत समझ जाता है। वह घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेता है और सही तरीके से बच्ची को बिजली के संपर्क से दूर करता है। कुछ ही सेकेंड की समझदारी और बहादुरी ने एक मासूम की जान बचा ली।
वीडियो में साफ नजर आता है कि शख्स ने न अपनी जान की परवाह की और न ही किसी पहचान या सोच में उलझा, बल्कि केवल बच्ची को सुरक्षित निकालना ही उसका मकसद था। यह घटना दिखाती है कि संकट के समय सही फैसला और त्वरित कार्रवाई कितनी अहम होती है।
ये खबर भी पढ़ें : लखनऊ में खौफनाक मंजर: सड़क पर खेल रही बच्ची पर गाय का अचानक हमला, CCTV वीडियो वायरल
यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही तेजी से वायरल हो गया। यूजर्स इसे इंसानियत की जीत बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि आज के समय में, जब समाज अक्सर जाति, धर्म और पहचान में बंटा नजर आता है, ऐसे वीडियो याद दिलाते हैं कि इंसानियत सबसे बड़ा धर्म है।
एक यूजर ने लिखा कि ऐसे लोग यह एहसास कराते हैं कि इंसान होना किसी भी पहचान से ऊपर है। वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि मुश्किल वक्त में नाम या पहचान नहीं, बल्कि अच्छे कर्म ही मायने रखते हैं। इस वीडियो ने साबित कर दिया कि आज भी समाज में ऐसे लोग मौजूद हैं, जो सही समय पर आगे बढ़कर किसी की जान बचाने का साहस रखते हैं।