Eiffel Tower Travel Review : पेरिस का एफिल टॉवर दुनिया के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में गिना जाता है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने इसके दूसरे पहलू पर भी चर्चा छेड़ दी है। इंस्टाग्राम यूजर @storyteller_meharma ने अपने ट्रैवल एक्सपीरियंस का वीडियो साझा करते हुए बताया कि वास्तविक अनुभव सोशल मीडिया पर दिखाई जाने वाली तस्वीरों से काफी अलग हो सकता है।
वीडियो में उन्होंने एफिल टॉवर तक पहुंचने वाले धूल भरे रास्तों, सूखी घास और आसपास की अव्यवस्थाओं को दिखाया। महिला ने कहा कि टॉवर तक पहुंचते-पहुंचते उनके कपड़े मिट्टी से भर गए। उन्होंने यह भी दावा किया कि वहां पर्याप्त कूड़ेदान नहीं थे, कुछ जगहों पर दुर्गंध महसूस हुई और छोटे बच्चे के साथ घूमना भी आसान नहीं था।
महिला ने अपने वीडियो में बताया कि परिसर में जगह-जगह पर्यटकों को जेबकतरों से सावधान रहने की चेतावनी देने वाले बोर्ड लगे हुए थे। उनके अनुसार, इससे उन्हें सुरक्षा को लेकर चिंता हुई। टॉवर की लिफ्ट का अनुभव भी उन्हें खास पसंद नहीं आया। उन्होंने दावा किया कि लिफ्ट और कुछ अन्य हिस्सों में मकड़ी के जाले दिखाई दिए, शीशे क्षतिग्रस्त थे और भीड़ के कारण काफी घुटन महसूस हो रही थी।
हालांकि उन्होंने यह भी माना कि एफिल टॉवर की पहली मंजिल से दिखने वाला नजारा बेहद खूबसूरत था, लेकिन ऊपरी मंजिल अपेक्षाकृत कम आकर्षक लगी। वीडियो में उन्होंने पेरिस की कुछ सड़कों पर कूड़ा-करकट, ग्रैफिटी और बेघर लोगों को भी दिखाया और कहा कि शहर की चमक-दमक और गरीबी के बीच का अंतर उन्हें हैरान कर गया।
ये खबर भी पढ़ें : दूध पीने के चक्कर में लोटे में फंसा बिल्ली का सिर, फिर जो हुआ उसे देखकर हंसते-हंसते लोटपोट हुए लोग
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और इसे 7 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। इस पर यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। एक यूजर ने लिखा कि पेरिस को सोशल मीडिया पर जरूरत से ज्यादा ग्लैमरस दिखाया जाता है, जबकि दूसरे ने कहा कि इस तरह का वास्तविक अनुभव शायद ही कभी देखने को मिलता है।
वहीं कुछ लोगों ने महिला की बातों से असहमति जताते हुए कहा कि एफिल टॉवर का अनुभव अब भी शानदार है और पहली मंजिल से दिखने वाला नजारा यात्रा को यादगार बना देता है। फिलहाल यह वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर ट्रैवल एक्सपीरियंस को लेकर नई बहस का विषय बना हुआ है।