Leopard Near House : उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए तेंदुओं का आसपास दिखाई देना कोई बहुत असामान्य बात नहीं है। पहाड़ों में जंगल और आबादी के बीच बढ़ती नजदीकी के कारण कई बार जंगली जानवर रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में रात के समय एक शख्स अपने घर की खिड़की के पास खड़ा दिखाई देता है। तभी उसकी नजर नीचे जाती है और उसे घर के ठीक नीचे एक तेंदुआ नजर आता है। अचानक सामने आए इस जंगली जानवर को देखकर शख्स डरने के बजाय उसकी वीडियो बनाने लगता है।
वायरल वीडियो में शख्स तेंदुए को देखकर कहता है, ‘गाइज, बाघ आ गया।’ इसके बाद वह उसे भगाने के लिए ‘भक्क-भक्क-भक्क’ की आवाज निकालता है और ‘भाग-भाग’ कहता हुआ उसे दूर जाने के लिए उकसाता है। हैरानी की बात यह रही कि उसकी आवाज सुनने के बाद तेंदुआ वहां से भागता हुआ दिखाई देता है।
शख्स के मुताबिक, यह घटना रात करीब 10:30 बजे की है। वीडियो इंस्टाग्राम पर बाला दत्त उपाध्याय के अकाउंट से शेयर किया गया, जिसके बाद यह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने बाद में कमेंट में यह भी बताया कि घटना से कुछ समय पहले रात करीब 9 बजे घर में पटाखे फोड़े जा रहे थे।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने तेंदुए के घर के पास पहुंचने पर चिंता जताने के साथ-साथ शख्स के रिएक्शन पर भी खूब कमेंट किए। कई यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इतनी नजदीक से तेंदुआ देखने के बाद भी शख्स आराम से वीडियो बना रहा था। वहीं, कुछ लोगों ने उसकी एक बात को लेकर उसे सुधारना शुरू कर दिया।
दरअसल, वीडियो में शख्स तेंदुए को ‘बाघ’ कहता सुनाई देता है। यूजर्स ने कमेंट कर बताया कि जानवर बाघ नहीं बल्कि तेंदुआ है। हालांकि, कुछ लोगों ने यह भी कहा कि उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में स्थानीय बोलचाल की भाषा में तेंदुए को ‘बाघ’ कहने का चलन है। वायरल वीडियो ने एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में इंसानों और जंगली जानवरों के बढ़ते संपर्क की तस्वीर सामने रख दी है।