Mumbai Local Viral Video : मुंबई लोकल ट्रेन की भीड़ किसी से छिपी नहीं है। रोजाना लाखों लोग इन ट्रेनों में सफर करते हैं और कई बार इतनी भीड़ होती है कि खड़े रहने की जगह तक नहीं मिलती। ऐसे में अगर किसी को पानी से भरा गिलास हाथ में देकर भीड़भाड़ वाली लोकल ट्रेन में सफर करने को कहा जाए, तो शायद ज्यादातर लोग इसे नामुमकिन मानेंगे।
लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने लोगों को हैरान कर दिया है। कंटेंट क्रिएटर प्रणय जोशी ने मुंबई लोकल में पानी से भरे गिलास के साथ सफर करने का चैलेंज लिया और उसे सफलतापूर्वक पूरा भी कर दिखाया।
वीडियो की शुरुआत मुंबई के एक रेलवे स्टेशन से होती है, जहां प्रणय अपने हाथ में पानी से भरा गिलास लेकर खड़े नजर आते हैं। इसके बाद वह चर्चगेट से विरार जाने वाली लोकल ट्रेन में सवार होते हैं। ट्रेन के अंदर मौजूद यात्रियों से वह पूछते हैं कि क्या यह चैलेंज पूरा हो पाएगा।
अधिकांश लोग मानते हैं कि भीड़ और धक्कामुक्की के बीच गिलास का पानी गिरना तय है। सफर के दौरान कई स्टेशन आते हैं और हर बार यात्रियों की भीड़ ट्रेन में चढ़ती-उतरती है, जिससे प्रणय के लिए गिलास संभालना और भी मुश्किल हो जाता है। इसके बावजूद वह पूरे सफर में पानी को गिरने से बचाने में सफल रहते हैं।
ये खबर भी पढ़ें : फेरारी से टकराने से बाल-बाल बचा स्कूटर सवार, लोगों ने कहा- ‘भाई के पैरों ने 7 पीढ़ियों का कर्ज बचा लिया’
वीडियो के अंत में जब गिलास लगभग पूरा भरा हुआ दिखाई देता है, तो सोशल मीडिया यूजर्स भी हैरान रह जाते हैं। हालांकि वीडियो देखने वालों का ध्यान सिर्फ चैलेंज पर ही नहीं गया, बल्कि कैमरामैन की मेहनत पर भी गया।
कई लोगों ने कमेंट कर कहा कि भीड़भाड़ वाली लोकल में प्रणय के साथ-साथ कैमरामैन ने भी शानदार काम किया है। तेजी से वीडियो वायरल हो रहा है और लोग इसे मुंबई लोकल की भीड़ के बीच धैर्य, संतुलन और एकाग्रता का बेहतरीन उदाहरण बता रहे हैं।