Highlights:
मथुरा में करवा चौथ की रात पति ने पत्नी को कथित प्रेमी के कमरे में देखा।
मौके पर पहुंची पति की भाभी और पत्नी के बीच मारपीट हुई।
पुलिस दोनों को थाने ले गई, जबकि कथित प्रेमी मौके से चला गया।
Karwa Chauth Par Patni Premi Ke Sath Pakdi Gayi: मथुरा में करवा चौथ की रात एक पारिवारिक विवाद ने उस समय हंगामे का रूप ले लिया, जब एक पति अपनी पत्नी को उसके कथित प्रेमी के किराए के कमरे में देखने पहुंच गया। पति अकेला नहीं था, उसके साथ परिवार की कुछ महिलाएं भी थीं।
मौके पर पत्नी और पति की भाभी के बीच पहले तीखी बहस हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों महिलाओं ने एक-दूसरे के बाल पकड़कर खींचे और लात-घूंसे चलाए। करीब आधे घंटे तक चले इस हंगामे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। इस दौरान कथित प्रेमी वहां से निकल गया।
दसअसल यह मामला मथुरा के छटीकरा इलाके का है। यहां रहने वाले सोनू की शादी करीब 15 साल पहले धौलपुर की अंजू से हुई थी। दंपती के चार बच्चे हैं। सोनू का आरोप है कि अंजू का धौलपुर निवासी संजय उर्फ गीतम से संबंध है।
बताया गया है कि संजय मथुरा की एक कंबल कंपनी में काम करता है, और वसंत विहार कॉलोनी में किराए के कमरे में रहता है।
सोनू के मुताबिक, उसे करवा चौथ की रात शाम करीब सात बजे पता चला कि अंजू वसंत विहार कॉलोनी में संजय के कमरे पर गई है। उसने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी और परिवार की महिलाओं को साथ लेकर वहां पहुंच गया।
सोनू का कहना है कि घर में लगे कैमरे में अंजू के जाने की तस्वीरें रिकॉर्ड हुई थीं। इसी से उसे उसके वहां पहुंचने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचते ही परिवार के लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया।
कमरे पर पहुंचने के बाद अंजू और सोनू की भाभी के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों में हाथापाई शुरू हो गई। दोनों ने एक-दूसरे के बाल पकड़कर खींचे और जमीन पर गिराकर मारपीट की। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें अलग करने की कोशिश की।
इसी बीच मथुरा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को अलग कराया। पुलिस अंजू को भीड़ से निकालकर दूसरे कमरे में ले गई। हंगामे के दौरान संजय वहां से फरार हो गया।
सोनू ने आरोप लगाया कि अंजू चारों बच्चों को घर पर छोड़कर संजय के साथ रह रही है। उसने यह भी दावा किया कि इससे पहले भी दोनों को साथ पकड़ा गया था। सोनू के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच तलाक का मामला अदालत में चल रहा है और अंजू उससे संपत्ति में आधा हिस्सा मांग रही है।
हाईवे थाना प्रभारी अरविंद कुमार निर्वाल ने बताया कि पति-पत्नी दोनों को थाने लाया गया है। संजय नाम का युवक मौके से चला गया था। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।