Highlights
काशी में मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार करने पहुंचे युवक के साथ मारपीट
घायल युवक की हालत गंभीर, ट्रामा सेंटर में भर्ती
CCTV से आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
Kashi Manikarnika Ghat Viral Video: धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। मामला एक युवक की पिटाई से जुड़ा है। युवक अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने काशी के महाश्मशान मणिकर्णिका घाट पहुंचा था। जहां युवक पर कुछ मनबढ़ों ने हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने युवक को बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने युवक पर हमला कर दिया और उसे जमकर पीटा। अचानक हुई मारपीट से घाट पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कैसे एक युवक के साथ पहले हाथापाई होती है फिर भीड़ के द्वारा युवक के जमीन पर गिराकर उसके साथ मारपीट करने लगते हैं। इस हमले में युवक को गंभीर चोटें आईं। वह खून से लथपथ हो गया। घटना के बाद घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए ले जाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल युवक की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना के बाद मारपीट से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की पड़ताल के लिए घाट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वायरल वीडियो के आधार पर भी आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मणिकर्णिका घाट काशी का प्रमुख महाश्मशान है, जहां देश-विदेश से लोग अंतिम संस्कार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे संवेदनशील स्थान पर मारपीट की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। अब सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के बाद ही घटना के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।