कांवड़ यात्रा में हेलीकॉप्टर की खतरनाक उड़ान Social Media
वायरल

सड़क पर गिरे लोग, पलटा चाय का ठेला...कांवड़ यात्रा में हेलीकॉप्टर की खतरनाक उड़ान! देखें अफरा-तफरी का VIDEO

Jhansi Viral Video: झांसी में कांवड़ यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर की कथित कम ऊंचाई पर उड़ान का वीडियो वायरल है। डाउनवॉश से अफरा-तफरी के दावे, पूर्व पायलट ने जांच की मांग की।

अर्पित शुक्ला

Jhansi Kanwar Yatra: ओरछा से झांसी पहुंची कांवड़ यात्रा के दौरान पुष्पवर्षा कर रहे हेलीकॉप्टर की कथित तौर पर बेहद कम ऊंचाई पर उड़ान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में हेलीकॉप्टर को भीड़भाड़ वाले इलाके के काफी नीचे उड़ते हुए देखा जा सकता है।

स्थानीय लोगों का दावा है कि हेलीकॉप्टर के तेज डाउनवॉश के कारण कई जगह होर्डिंग और टेंट हिल गए, एक चाय का ठेला पलट गया और कुछ बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ गया। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

हेलीकॉप्टर से हो रही थी पुष्पवर्षा

बुंदेलखंड कांवड़ यात्रा समिति के बैनर तले आयोजित यात्रा में शासन की ओर से हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराया गया था। बताया गया कि हेलीकॉप्टर से मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे और आईजी आकाश कुलहरि श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इलाइट चौराहे के आसपास हेलीकॉप्टर काफी नीचे आ गया। इसके बाद तेज हवा का दबाव महसूस हुआ। कई स्थानों पर बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स हिलने लगे। कुछ जगहों पर पेड़ों की टहनियां टूटने की बात भी सामने आई है।

मिशन कंपाउंड गेट के पास चाय की रेहड़ी लगाने वाले निखिल अग्रवाल ने दावा किया कि हेलीकॉप्टर की तेज हवा से उनका ठेला पलट गया और सामान सड़क पर बिखर गया। घटना के दौरान यात्रा मार्ग पर मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पूर्व पायलट ने बताया जोखिम भरा

वायरल वीडियो को देखने के बाद पूर्व पायलट कैप्टन सुरेंद्र सिंह ने हेलीकॉप्टर की उड़ान को जोखिम भरा बताया। उनके अनुसार, भीड़भाड़ वाले इलाके में कम ऊंचाई पर हेलीकॉप्टर उड़ाने से डाउनवॉश का प्रभाव बढ़ सकता है। रोटर से पैदा होने वाली तेज हवा की वजह से लोगों और आसपास की वस्तुओं पर असर पड़ने का खतरा रहता है।

उन्होंने मामले की जांच की मांग करते हुए कहा कि DGCA को वायरल वीडियो और उड़ान के पूरे घटनाक्रम की जांच करनी चाहिए और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।

यात्रा में हजारों श्रद्धालु मौजूद

बताया जा रहा है कि कांवड़ यात्रा में करीब 8 से 10 हजार श्रद्धालु शामिल हुए थे। यात्रा मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग स्वागत के लिए मौजूद थे। हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा देखने के लिए श्रद्धालुओं की नजरें आसमान की ओर थीं।

इसी दौरान हेलीकॉप्टर की कथित कम ऊंचाई और तेज हवा के कारण कुछ जगहों पर लोग घबराकर पीछे हटते नजर आए। घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

ओरछा से जल लेकर झांसी पहुंचे कांवड़िए

हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के बीच कांवड़ यात्रा गुरुवार को मध्य प्रदेश के ओरछा से झांसी पहुंची। इसमें संत-महंतों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

कांवड़िए ओरछा से जल लेकर झांसी पहुंचते हैं और श्री सिद्धेश्वर पीठ में भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। इस दौरान यात्रा के स्वागत के लिए पुष्पवर्षा की व्यवस्था की गई थी। अब हेलीकॉप्टर की उड़ान से जुड़े वायरल वीडियो ने सुरक्षा व्यवस्था और उड़ान नियमों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

विपक्ष का दोहरा चरित्र बेनकाब! ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध मार्च पर एकनाथ शिंदे का बड़ा हमला

BJP की राज्यसभा लिस्ट से बढ़ी कैबिनेट फेरबदल की चर्चा, हरदीप पुरी और BL वर्मा की मंत्रिमंडल से होगी छुट्टी?

महिला पत्रकार से यौन उत्पीड़न के आरोपों के बीच ACP विवेक भगत प्रमोट, बने एडिशनल DCP

पहले कहा थैंक्यू अब बोले उतनी परफेक्ट नहीं महाराष्ट्र पुलिस, बदले अभिजीत दिपके के सुर, करेंगे PC

Akash Anand BSP Return: आकाश आनंद की बसपा में फिर से वापसी, मायावती ने बनाया राष्ट्रीय संयोजक