India Gate Fountain : दिल्ली के प्रतिष्ठित India Gate के पास फाउंटेन में लोगों के पानी में उतरने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि फाउंटेन के पास हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में साफ लिखा था- ‘पानी में प्रवेश नहीं करें’, लेकिन इसके बावजूद कई लोग नियमों की अनदेखी करते नजर आए।
कुछ लोग पानी में पैर डुबोकर बैठे थे, तो कुछ फाउंटेन के अंदर जाकर मस्ती करते दिखाई दिए। इतना ही नहीं, कुछ युवकों को फाउंटेन पर चढ़ने की कोशिश करते हुए भी देखा गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के व्यवहार और Civic Sense को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
यह वीडियो एक्स पर @iNikhilsaini नाम के हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में फाउंटेन के पास लगा चेतावनी बोर्ड साफ दिखाई देता है। इसके बावजूद लोग पानी को छूते, उसके अंदर बैठते और मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं। कुछ लोग बोर्ड के आसपास भी बैठे दिखाई देते हैं।
सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि चेतावनी बोर्ड पर लिखे ‘नहीं’ शब्द को भी मिटा दिया गया। यानी ‘पानी में प्रवेश नहीं करें’ का संदेश ही बदलने की कोशिश की गई। वीडियो में दिखाई दे रहा यह व्यवहार सोशल मीडिया यूजर्स को काफी खटक रहा है और लोग सार्वजनिक संपत्ति तथा नियमों के सम्मान की जरूरत बता रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कई यूजर्स ने ऐसे लोगों पर जुर्माना लगाने और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एक यूजर ने लिखा कि ‘ये लोग नहीं सुधरेंगे।’ वहीं, दूसरे ने भारतीयों में Civic Sense की कमी पर सवाल उठाया। कुछ लोगों ने फाउंटेन के पानी में उतरने को स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिहाज से भी गलत बताया।
एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि जिस तरह CIBIL Score होता है, उसी तरह Civic Sense का भी स्कोर होना चाहिए। हालांकि, कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि ऐसी घटनाएं दूसरे देशों में भी देखने को मिलती हैं। कुल मिलाकर, इस वीडियो ने एक बार फिर सार्वजनिक जगहों पर नियमों का पालन करने और अपनी जिम्मेदारी समझने को लेकर बहस छेड़ दी है।