Father Daughter Duet : एक पिता और उसकी नन्ही बेटी का प्यारा सा वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम क्रिएटर यश श्रीवास्तव ने अपनी बेटी अविका के साथ गाते हुए एक वीडियो शेयर किया, जिसे अब तक 2 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है। वीडियो में दोनों साल 2004 की फिल्म खाकी के लोकप्रिय गीत दिल डूबा को गाते नजर आते हैं।
यश अपनी बेटी को गोद में लेकर गाना शुरू करते हैं, तभी अविका बीच में बड़ी मासूमियत से “हां” कहती है। बेटी की इस क्यूट प्रतिक्रिया पर यश भी मुस्कुरा उठते हैं और वीडियो का यही पल लोगों को सबसे ज्यादा पसंद आ रहा है।
वीडियो में पिता और बेटी पूरे समय मुस्कुराते हुए गाने का आनंद लेते दिखाई देते हैं। दोनों के बीच का प्यार और अपनापन लोगों का दिल जीत रहा है। यश ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा कि अविका के एक छोटे से “हां” ने उनका पूरा दिन बना दिया।
उन्होंने बताया कि यह वीडियो पूरी तरह अनस्क्रिप्टेड था और इसमें कोई रिहर्सल नहीं की गई थी। उनके अनुसार यह उनके जीवन के सबसे खूबसूरत और सच्चे पलों में से एक था, जिसे कैमरे में कैद कर लिया गया।
ये खबर भी पढ़ें : NEET विवाद के बीच प्रेम की मिसाल! गर्लफ्रेंड की जगह प्रदर्शन में पहुंचा युवक, यूजर्स बोले- ग्रीन फ्लैग
सोशल मीडिया यूजर्स भी इस वीडियो पर जमकर प्यार बरसा रहे हैं। कई लोगों ने अविका की टाइमिंग और मासूमियत की तारीफ की, जबकि कुछ ने कहा कि यह वीडियो देखकर चेहरे पर अपने आप मुस्कान आ जाती है। कई यूजर्स ने इसे इंटरनेट का सबसे प्यारा वीडियो बताया।
लोगों का कहना है कि आज के दौर में जहां सोशल मीडिया पर ज्यादातर कंटेंट दिखावे से भरा होता है, वहीं पिता और बेटी का यह सादा लेकिन भावनात्मक वीडियो दिल को छू लेने वाला है। यही वजह है कि यह वायरल वीडियो लाखों लोगों की पसंद बन गया है।