Cobra in Sports Bike : सूरत के अडाजन इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महंगी स्पोर्ट्स बाइक के अंदर से जहरीला कोबरा निकलता दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि बाइक की कीमत करीब ₹3 लाख है। घटना भारी बारिश और जलभराव के बीच हुई, जब बाइक लंबे समय से पार्किंग में खड़ी थी।
बाइक मालिक जैसे ही उसे स्टार्ट करने पहुंचा, उसने बाइक के अंदर हरकत देखी। ध्यान से देखने पर पता चला कि एक कोबरा बाइक की फेयरिंग, हेडलाइट और इंजन के बीच बने संकरे हिस्सों में छिपा बैठा है। अचानक सांप दिखाई देने से मालिक के होश उड़ गए और आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत फैल गई।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। भीड़ बढ़ने पर इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने सूरत के प्रसिद्ध स्नेक रेस्क्यूअर धवल भंडारी को सूचना दी। धवल भंडारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
लेकिन कोबरा बाइक के कॉम्पैक्ट बॉडी पार्ट्स के भीतर लगातार जगह बदलता रहा, जिससे उसे पकड़ना आसान नहीं था। रेस्क्यू टीम ने स्नेक हुक, टॉर्च और विशेष उपकरणों की मदद से बड़ी सावधानी के साथ सांप की गतिविधियों पर नजर रखी। टीम ने इस बात का भी ध्यान रखा कि न तो सांप को नुकसान पहुंचे और न ही बाइक को कोई क्षति हो।
ये खबर भी पढ़ें : ट्रेन के AC कोच में जलाया दिया और अगरबत्ती, पूजा करते यात्री का वीडियो वायरल; सुरक्षा पर उठे सवाल
कई घंटों की मेहनत के बाद आखिरकार रेस्क्यू टीम को कोबरा सांप को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिल गई। सांप को एक प्लास्टिक कंटेनर में सुरक्षित रखा गया, जिसके बाद बाइक मालिक और वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। वन विभाग के नियमों के अनुसार अब कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ा जाएगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और बाढ़ के दौरान कई जंगली जीव सूखी और बंद जगहों में शरण लेते हैं। ऐसे में जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को वाहन स्टार्ट करने से पहले उसकी अच्छी तरह जांच कर लेनी चाहिए, क्योंकि इंजन, सीट या अन्य बंद हिस्सों में सांप और अन्य जीव छिपे हो सकते हैं।