Zoo Tragedy Lion Attack : ब्राजील के João Pessoa नाम के शहर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति शेर के बाड़े में घुसने के बाद उसकी मौत हो गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक की पहचान Gerson de Melo Machado नाम के व्यक्ति के रूप में हुई है, जो स्किजोफ्रेनिया बिमारी से पीड़ित था। बताया जा रहा है कि रविवार की सुबह वह अचानक शहर में स्थित एनिमल पार्क में शेर के एंक्लोजर के पास की दीवार पर चढ़ गया।
पार्क के सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन व्यक्ति तेजी से 6 मीटर ऊंची दीवार और सुरक्षा बैरियर पार कर अंदर पहुंच गया। जैसे ही वह अंदर घुसा, शेर ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद नगर सरकार ने एक आधिकारिक बयान जारी किया। बयान में कहा गया कि प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि यह संभवतः आत्महत्या का प्रयास था। नगरपालिका प्रशासन ने बताया कि व्यक्ति ने पेड़ का सहारा लेते हुए सुरक्षा घेरों को पार किया।
यह सब कुछ कुछ ही सेकंड में हो गया, जिससे सुरक्षा कर्मचारियों को रोकने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया। नगर प्रशासन ने बताया कि पशु ने सुरक्षा के स्वाभाविक व्यवहार में व्यक्ति पर हमला किया, जिसके परिणामस्वरूप उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
ये खबर भी पढ़ें : बैंक में घुसा सांप - डर के इधर-उधर भागने लगे लोग, कर्मचारी कुर्सी छोड़ काउंटर पर चढ़े; वीडियो वायरल
इस हादसे के बाद पार्क को तुरंत बंद कर दिया गया और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए। पार्क प्रशासन ने घटना की गहन जांच शुरू कर दी है और संबंधित अधिकारियों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है।
नगरपालिका प्रशासन ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि पार्क में सभी सुरक्षा उपाय तकनीकी मानकों के अनुसार मौजूद थे, लेकिन व्यक्ति ने जानबूझकर घुसपैठ की, जिससे यह दुखद घटना हुई। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है कि मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों की सुरक्षा और निगरानी कैसे बेहतर की जा सकती है।