Jantar Mantar Protest : दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान सामने आया एक छोटा-सा वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। आमतौर पर विरोध प्रदर्शन में लोगों का ध्यान नारों, मांगों और राजनीतिक मुद्दों पर जाता है,
लेकिन इस बार इंटरनेट की नजर एक ऐसे युवक पर टिक गई जिसने अपनी मौजूदगी की वजह बताकर लाखों लोगों का दिल जीत लिया। वीडियो में युवक से पूछा गया कि वह प्रदर्शन में क्यों शामिल हुआ है। इसके जवाब में उसने कहा कि वह अपनी गर्लफ्रेंड के समर्थन में वहां पहुंचा है।
युवक ने बताया कि कथित नीट पेपर लीक विवाद के बाद उसकी गर्लफ्रेंड पिछले एक महीने से मानसिक तनाव और अवसाद जैसी स्थिति से जूझ रही है। वह खुद प्रदर्शन में शामिल होने की स्थिति में नहीं थी, इसलिए उसकी जगह वह जंतर-मंतर पहुंचा। युवक का यह जवाब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
कई लोगों ने उसकी संवेदनशीलता और समर्थन की भावना की तारीफ की। इंटरनेट यूजर्स ने उसे "ग्रीन फ्लैग बॉयफ्रेंड" और "पुकी बॉय" जैसे नाम दिए। कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि ऐसे बॉयफ्रेंड आखिर मिलते कहां हैं, जबकि कई यूजर्स ने कहा कि मुश्किल समय में भावनात्मक साथ किसी भी बड़े तोहफे से ज्यादा महत्वपूर्ण होता है।
ये खबर भी पढ़ें : ‘गुलाबी आंखें जो तेरी देखी…’ मुख्यमंत्री फडणवीस ने नागपुर के कार्यक्रम में गाया गाना, देखें वायरल VIDEO
यह वायरल पल उस प्रदर्शन के दौरान सामने आया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र और नौकरी अभ्यर्थी कथित परीक्षा और भर्ती अनियमितताओं के खिलाफ इकट्ठा हुए थे। प्रदर्शन में शामिल लोग कॉकरोच मास्क पहनकर और हाथों में तख्तियां लेकर जवाबदेही की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा से जुड़े विवादों पर कार्रवाई और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
हालांकि सोशल मीडिया पर प्रदर्शन के मुद्दों से ज्यादा चर्चा उस युवक की हो रही है, जिसने अपनी गर्लफ्रेंड का साथ निभाने के लिए वहां पहुंचने का फैसला किया। सोशल मीडिया पर लगातार नकारात्मक रिश्तों और विवादों से जुड़ी खबरों के बीच यह वायरल वीडियो लोगों को एक अलग और सकारात्मक संदेश देता नजर आया। यही वजह है कि युवक की छोटी-सी बात इंटरनेट पर लाखों लोगों का ध्यान खींचने में सफल रही।