Pushkar Mela 10 Crore Horses Alex And RDX: राजस्थान के अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में महाराष्ट्र से आए दो बेशकीमती घोड़े हर किसी के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। जालना के जारा स्टड फार्म के मालिक माजिद सौदागर अपने मारवाड़ी नस्ल के दो शानदार घोड़ों, एलेक्स और आरडीएक्स को लेकर इस मेले में पहुंचे हैं। मालिक ने इन दोनों घोड़ों की कीमत 5-5 करोड़ रुपये यानी कुल 10 करोड़ रुपये तय की है। मेले की शुरुआत से पहले ही इन घोड़ों ने बाजार में खासी सुर्खियां बटोर ली हैं।
मालिक के अनुसार, अब तक इन घोड़ों के लिए लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये तक की बोली भी लग चुकी है, लेकिन वे इससे कम कीमत पर इन्हें बेचने को तैयार नहीं हैं। दस वर्षीय एलेक्स की ऊंचाई करीब साढ़े छह फीट है और वह मशहूर 'नॉर्दन डांसर' का बेटा है, जबकि आरडीएक्स की हाइट भी शानदार है। अपनी बेहतरीन नस्ल, लंबी कद-काठी, आकर्षक बनावट और विशेष देखभाल के चलते ये दोनों घोड़े पशु प्रेमियों के बीच खास चर्चा का विषय बने हुए हैं।