Bank Strike Deferred: देशभर में 28 से 30 सितंबर तक होने वाली तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को एन वक्त पर टाल दिया गया है। 27 सितंबर की रात लगभग 9:30 बजे इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के प्रतिनिधियों के बीच हुई अहम बैठक में यह सहमति बनी। हड़ताल स्थगित होने से शाखाओं में बैंकिंग परिचालन सामान्य रूप से शुरू हो गया है और ग्राहकों को राहत मिली है। हालांकि, बैंक कर्मचारियों की मांगें पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं, बल्कि आपसी बातचीत से हल निकालने का रास्ता साफ हुआ है।
कर्मचारियों की सबसे प्रमुख मांग फाइव डे वर्किंग हर शनिवार और रविवार छुट्टी) लागू करने की है, जिस पर विचार के लिए एक उच्च स्तरीय समिति के गठन का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा, परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना को फिलहाल स्थगित करने तथा एनपीएस कर्मचारियों की पेंशन संबंधी लंबित समस्याओं पर चर्चा जारी रखने का फैसला हुआ है। बैंक यूनियनों ने हड़ताल को केवल स्थगित किया है और चेतावनी दी है कि यदि मांगों का ठोस समाधान नहीं निकलता है, तो आगामी दिनों में आंदोलन का अगला चरण फिर से शुरू हो सकता है।