Minister Karan Singh Verma Lashes Out Over Liquor Contract Issue:
कोई मंत्री विधायक जनसुनवाई जनता की शिकायत और उसके समाधान के लिए करता है। लेकिन सोचिए मंत्री जी जनसुनवाई में किसी पीढ़िता को ही धमकी दे दें तो क्या होगा? सवाल तो उठेगा न। पूरा मामला मध्य प्रदेश के सीहोर जिले का है। जहां महोड़िया गांव में शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर पहुंचीं महिलाओं और राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के बीच विवाद हो गया। दरअसल, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित जनसुनवाई में महिलाएं गांव में संचालित शराब की दुकान बंद कराने की मांग लेकर पहुंची थीं। महिलाओं का आरोप था कि शराब की वजह से उनके परिवारों में विवाद और घरेलू हिंसा जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।
इसी दौरान मंत्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में मंत्री एक महिला से उसके पति को थाने में बंद करवाने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। उन्होंने मौके पर मौजूद थाना प्रभारी को महिला की शिकायत दर्ज करने के निर्देश भी दिए। घटना के बाद कांग्रेस ने मंत्री पर निशाना साधा। सवाल उठ रहा है कि शराब की दुकान हटाने की मांग लेकर पहुंचीं महिलाओं को उनकी मूल समस्या का समाधान कब मिलेगा?