AMU Viral Election Video Ayuuba: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) की सियासत और अदब की महफिल में इन दिनों एक विदेशी छात्र 'अय्यूबा' ने अपने अनोखे चुनावी अंदाज से सबको हैरान कर दिया है। एएमयू के नदीम तरीन हॉल में एक छात्र संघ चुनाव के दौरान अफ्रीकी मूल के छात्र अय्यूबा ने मंच संभालते ही अपने देसी स्वैग और फर्राटेदार हिंदी से समां बांध दिया। उनके भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह छात्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बड़े ही दिलचस्प वादे करते नजर आ रहे हैं।
अय्यूबा ने अपने चुनावी घोषणापत्र में छात्रों को गर्मी से राहत देने के लिए हर फ्लोर पर एसी, हॉस्टल में स्विमिंग पूल और कैंपस में आवाजाही आसान बनाने के लिए सीधे मेट्रो चलवाने का वादा किया है। इतना ही नहीं, उन्होंने छात्रों की सबसे प्रिय 'चाय' को लेकर भी वादा किया कि अगर वह सेक्रेटरी बने, तो दिन में तीन बार कड़क चाय और कपड़े धोने की परेशानी खत्म करने के लिए वाशिंग मशीन की सुविधा देंगे। उनके इस खुशमिजाज और मजाकिया अंदाज ने छात्रों का दिल जीत लिया है, जिसे लोग एएमयू की साझा संस्कृति का एक बेहतरीन उदाहरण मान रहे हैं ।