Amit Shah India Pakistan Border: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राजस्थान के बीकानेर में पाकिस्तान से सटे अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर पहुंचे। वहां उन्होंने सीमा सुरक्षा बल के जवानों के साथ मुलाकात की और उनके साथ नाश्ता भी किया। जवानों को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि अब हमें बीएसएफ की परंपरागत ड्यूटी को नए आयाम से देखना होगा। उन्होंने सीमा पार से होने वाले अतिक्रमण, अवैध स्मगलिंग और घुसपैठ को रोकने के साथ-साथ फोर लेयर सिक्योरिटी को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया ताकि देश की सीमाएं पूरी तरह अभेद्य बन सकें।
अमित शाह ने कहा कि साल 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश के सुरक्षा परिदृश्य में आमूलचूल परिवर्तन आए हैं। हमारी सेनाओं और बीएसएफ का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। उन्होंने आतंकवादियों और दुश्मन देशों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जहां भी सीमा पार से कोई हिमाकत की जाएगी, वहां हमारी सेना मुंहतोड़ जवाब देने की नीति पर काम करेगी।