Agra Hospital Checking News: नई दिल्ली के एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश का प्रशासनिक अमला भी अलर्ट मोड पर आ गया है। आगरा में स्वास्थ्य विभाग और अग्निशमन विभाग द्वारा किए गए संयुक्त निरीक्षण में एक चौंकाने वाला और डरावना खुलासा हुआ है। आगरा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव के मुताबिक, जनपद में पंजीकृत कुल 487 अस्पतालों में से केवल 250 अस्पतालों के पास ही फायर विभाग की वैध एनओसी उपलब्ध है। इसका सीधा मतलब यह है कि 237 अस्पताल बिना किसी अग्नि सुरक्षा प्रमाण पत्र के धड़ल्ले से चल रहे हैं और मरीजों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।
जांच में करीब 40% अस्पतालों में आग बुझाने के पुख्ता इंतजाम नहीं मिले। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि खुद आगरा के जिला सरकारी अस्पताल के पास भी प्रशासनिक लापरवाही और ठेकेदार की गलती की वजह से फायर सुरक्षा का पूरा काम अधूरा पड़ा है । प्रशासन अब नियमों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों को सील करने जैसी सख्त कार्रवाई करने की तैयारी में है।