Highlights
उत्तरकाशी में दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत
अनियंत्रित इनोवा कार गहरी खाई में गिर गई
नदीं में और भी लोगों के लापता होने की आशंका है
Uttarkashi Road Accident: उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास बृहस्पतिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धारा कुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर जा रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई और नदी में समा गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। चारों के शव नदी किनारे से बरामद कर लिए गए हैं। वाहन में सवार अन्य लोगों के नदी में लापता होने की आशंका है, इसलिए उनकी तलाश जारी है।
पुलिस को डेल्टा के माध्यम से सूचना मिली कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप एक इनोवा कार नदी में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की टीमें तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। घटनास्थल पर पहुंची राहत और बचाव टीमों ने नदी किनारे तथा आसपास के क्षेत्र में खोजबीन शुरू की। रेस्क्यू के दौरान टीमों को नदी किनारे चार लोगों के शव मिले। इसके बाद शवों को बाहर निकालने की कार्रवाई की गई।
हादसे के समय कार में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। अन्य लोगों के भी नदी में बह जाने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार तलाश में जुटी हुई हैं। वाहन में सवार यात्री गुजरात के बताए जा रहे हैं।
हादसे का स्थान दुर्गम है और नदी का बहाव तेज है। इसलिए राहत एवं बचाव कार्य में काफी चुनौतियां आ रही हैं। टीमों की ओर से घटनास्थल के आसपास नदी के किनारों और संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ही हताहत और लापता लोगों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी। इस दर्दनाक हादसे की खबर से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। प्रशासन और बचाव टीमें पूरी कोशिश कर रही हैं कि लापता लोगों का जल्द से जल्द पता चल सके।