लोकसभा सांसद डॉ. हेमांग जोशी  (सोर्स- फोटो नवभारत)
वाराणसी

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगी वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा, पीएम मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा का होगा बखान

Varanasi Political News: भाजयुमो की वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगी। 1,000 से अधिक युवा शामिल होंगे। इस दौरान 10 राज्यों में 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

धर्मेंद्र कुमार चौबे, स्निग्धा श्रीवास्तव

Varanasi to Vadnagar PM Seva Yatra: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को युवाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से ‘वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा’ आयोजित की जाएगी। 17 सितंबर से शुरू होकर 7 अक्टूबर तक चलने वाली यह यात्रा एक साथ दो दिशाओं-वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर में निकलेगी। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से 1,000 से अधिक युवा सेवा यात्री शामिल होंगे।

भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वडोदरा से लोकसभा सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने सोमवार को सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता में कहा कि यह महज बाइक यात्रा नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा जीवन से प्रेरणा लेकर युवाओं को सेवा, समाज और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन युवाओं के लिए सेवा, समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना की प्रेरणा है।

20 अलग-अलग मार्गों से होकर गुजरेगी यात्रा

उन्होंने बताया कि यात्रा 20 अलग-अलग मार्गों से होकर गुजरेगी, जिनका नाम देश की पवित्र नदियों के नाम पर रखा गया है। दोनों दिशाओं में चलने वाली यात्रा 10 राज्यों, 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों तक पहुंचेगी। तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, बिहार और पूर्वोत्तर सहित देश के विभिन्न हिस्सों से युवा इसमें शामिल होंगे।

हर पड़ाव पर 25 तरह की सेवा गतिविधियां

डॉ. जोशी ने कहा कि यात्रा के प्रत्येक पड़ाव को सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। लगभग 25 प्रकार के सेवा कार्य किए जाएंगे। इनमें वृक्षारोपण एवं सेवा वाटिका, स्वच्छता अभियान, नशा मुक्त भारत, टीबी मुक्त भारत, साधु-संत सम्मान, सफाई कर्मचारियों का सम्मान, जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त जागरूकता अभियान प्रमुख हैं।

उन्होंने कहा कि यात्रा का संदेश है- “स्वागत फूल-मालाओं से नहीं, सेवा और स्वच्छता से होगा।” इसके तहत सेवा यात्रियों के पहुंचने से दो दिन पहले स्थानीय भाजयुमो कार्यकर्ताओं की ओर से संबंधित स्थान पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

नदियों के जल से होगा काशी और वडनगर का जुड़ाव

यात्रा में आस्था और सांस्कृतिक एकता को भी विशेष महत्व दिया गया है। वडनगर से वाराणसी आने वाले सेवा यात्री गुजरात की पवित्र नदियों का जल लेकर काशी विश्वनाथ धाम पहुंचेंगे और बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। वहीं वाराणसी से वडनगर जाने वाले सेवा यात्री उत्तर प्रदेश की पवित्र नदियों का जल लेकर वडनगर स्थित हाटकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे।

डॉ. जोशी ने कहा कि भारत की नदियां देश की सभ्यता, संस्कृति और आस्था की जीवनधारा हैं। नदियों के जल के माध्यम से वाराणसी और वडनगर को जोड़ना सांस्कृतिक एकता और साझा सेवा संकल्प का प्रतीक है।

युवाओं को राष्ट्र निर्माण का सहभागी बनाने का प्रयास

भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा जीवन से प्रेरणा लेकर प्रयास किया जा रहा है कि युवा सेवा को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

पत्रकार वार्ता के अंत में सेवा यात्रियों और अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं के लिए विशेष अभियान टी-शर्ट भी लॉन्च की गई।

पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौड़, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अमनदीप सिंह, काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

देश की पहली डिजिटल जनगणना का पूरा शेड्यूल जारी, UP-पंजाब समेत इन राज्यों में अभी नहीं होगी गिनती

कुछ BJP नेताओं ने ही मणिपुर में करवाए दंगे, बीरेन सिंह ने कहा- मुझे हटाने के लिए रची साजिश

Kal Ka Mausam: अक्टूबर के आखिरी दिन बदलेगा मौसम का मिजाज, कई राज्यों में बारिश की चेतावनी

बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, बेंगलुरु के 5 यात्रियों की भी मौत

सुप्रीम कोर्ट में बड़े वकीलों की मोनोपोली पर बहस, कौन हैं भारत के 10 सबसे महंगे वकील? देखें लिस्ट