हाथी को उत्पात मचाते देख लोगों में दहशत
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम
सुरक्षा लिहाज से प्रभावित क्षेत्र में आवागमन रोककर की गई बैरिकेडिंग
Varanasi Elephant Loses Control: वाराणसी के रामनगर स्थित पंचवटी मैदान में रामलीला के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक हाथी अचानक बेकाबू हो गया। गुस्से में आए हाथी ने अपने ही महावत को उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल महावत को तत्काल लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महावत को घायल करने के बाद हाथी रामनगर की सड़कों पर बेकाबू होकर दौड़ने लगा। हाथी को इस तरह उत्पात मचाते देख स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। इस दौरान हाथी ने रास्ते में बिजली के खंभों सहित आसपास की कई चीजों को नुकसान पहुंचाया। अचानक हुई इस घटना से इलाके में भगदड़ जैसे हालात बन गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए करीब दो किलोमीटर के प्रभावित क्षेत्र में आवागमन रोककर बैरिकेडिंग कर दी गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों और रामलीला देखने पहुंचे श्रद्धालुओं को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी गयी है। वहीं, सुरक्षित तरीके से हाथी को शांत कर काबू में लिया गया है।
बताया जा रहा है कि यह हाथी विश्व प्रसिद्ध रामनगर की रामलीला में शामिल होने के लिए विशेष रूप से आजमगढ़ से लाया गया था। रामलीला के दौरान इसका इस्तेमाल काशीराज परिवार के डॉ. अनंत नारायण सिंह के परिजनों की सवारी के लिए किया जाना था।
हालांकि, हाथी अचानक किस वजह से बेकाबू हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस की प्राथमिकता हाथी को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित करना और प्रभावित इलाके में किसी अन्य अनहोनी को रोकना है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।