PM CARES For Children Scheme Varanasi Beneficiary: जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बुधवार को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजनान्तर्गत बालिका शिवानी को 23 वर्ष की आयु पूर्ण करने के उपरांत 10 लाख रुपये का चेक उपलब्ध कराया तथा सुखद भविष्य की कामना की।
बता दें कि पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के तहत जिलाधिकारी को योजनांतर्गत आच्छादित बच्चों का वैधानिक अभिभावक नामित किया गया है। इसी अभिभावकत्व के दायित्व का निर्वहन करते हुए जिलाधिकारी ने शिवानी के उज्ज्वल एवं आत्मनिर्भर भविष्य की कामना की और चेक सौंपते हुए उन्हें आगे की पढ़ाई तथा जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
लाभार्थी शिवानी ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं जिला प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस वित्तीय सहायता से उन्हें अपनी शिक्षा पूरी करने और आत्मनिर्भर बनने में बहुत बड़ा संबल मिला है। इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्र उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड महामारी के दौरान अपने माता-पिता या अभिभावकों को खोने वाले बच्चों की आत्मनिर्भरत और सहायता के लिए पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना की घोषणा की थी। इस योजना के तहत कोविड 19 के कारण अपने माता-पिता दोनों या माता-पिता में से जीवित बचे एकमात्र अभिभावक, कानूनी अभिभावक को खोने वाले बच्चों को सहायता देने का प्रावधान है।
बता दें कि पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत प्रत्येक पात्र बच्चे को 18 वर्ष की आयु पूरी करने पर 10 लाख रुपये की राशि दी जाएगी। इस राशि का उपयोग 18 से 23 वर्ष की आयु के बीच उच्च शिक्षा के लिए या बच्चे की व्यक्तिगत जरूरतों के लिए मासिक वित्तीय सहायता के रूप में किया जाता है। 23 वर्ष की आयु पूरी होने पर बच्चे को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन कोष की पूरी राशि एकमुश्त प्रदान करने का प्रावधान है, ताकि वे इसका इस्तेमाल अपने व्यक्तिगत और व्यावसायिक जरूरतों के लिए भी कर सके।
इस योजना के तहत 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को नजदीकी केंद्रीय विद्यालय या निजी स्कूल में डे स्कॉलर के रूप में दाखिला दिलाने का प्रावधान किया गया है। अगर किसी बच्चे का प्रवेश निजी स्कूल में होता है, तो नियमों के अनुसार फीस पीएम केयर्स से दी जा सकती है जिसमें स्कूल यूनिफॉर्म, पाठ्यपुस्तक और नोटबुक पर भी होने वाले खर्च भी शामिल हैं। 11 से 18 वर्ष के बच्चों को केंद्र सरकार के आवासीय विद्यालयों, जैसे सैनिक स्कूल और जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश दिलाने की भी व्यवस्था की गई है।
इस योजना के तहत सभी पात्र बच्चों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत प्रत्येक बच्चे को 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर मिलेगा। साथ ही 18 वर्ष की आयु तक बच्चों के लिए स्वास्थ्य बीमा के प्रीमियम का भुगतान पीएम केयर्स द्वारा ही किया जाएगा।