अखि‍लेश यादव, सीएम योगी, राहुल गांधी  (सोर्स- AI)
वाराणसी

वाराणसी में टिकट की जंग तेज, सपा में 1 सीट पर 5 दावेदार, ब्राह्मणों में बढ़ी दावेदारी; कांग्रेस-BJP में हलचल

Varanasi Samajwadi Party Candidates: वाराणसी में चुनाव लड़ने वाले नेताओं ने टिकट के लिए दावेदारी शुरू कर दी है। लेकिन सबसे ज्यादा हलचल समाजवादी पार्टी में दिखाई दे रही है।

धर्मेंद्र कुमार चौबे, रवनेश विश्‍वकर्मा

Highlights:

  • वाराणसी की आठ सीटों पर चुनाव लड़ने की दावेदारी तेज

  • भाजपा, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी में नेता सक्रिय

  • शिवपुर विधानसभा सीट पर सपा के चार से पांच नेता सक्रिय

Varanasi Assembly Election 2027: यूपी चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। वाराणसी की आठ विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे नेताओं ने टिकट के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करनी शुरू कर दी है। भाजपा, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी में नेता सक्रिय हैं, लेकिन सबसे ज्यादा हलचल समाजवादी पार्टी में दिखाई दे रही है।

खास बात यह है कि भाजपा के मुकाबले सपा में ब्राह्मण वर्ग के नेताओं की दावेदारी भी तेजी से बढ़ रही है। इनमें कुछ ऐसे नेता भी बताए जा रहे हैं, जो पूर्वांचल में लंबे समय तक भाजपा की राजनीति से जुड़े रहे हैं और अब सपा से टिकट पाने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, वाराणसी की शहरी सीटों पर भी जातीय और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखकर नेता अपनी जमीन तैयार कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जातीय समीकरण ज्यादा प्रभावी माने जाते हैं, लेकिन शहर की सीटों पर भी हर वर्ग के नेता सपा से टिकट पाने की कोशिश में जुटे हैं। कई सीटों पर तीन से चार नेता दावेदारी कर रहे हैं। इससे पार्टी के सामने प्रत्याशी चुनने की चुनौती बढ़ सकती है।

शिवपुर और दक्षिणी सीट पर ब्राह्मण दावेदार सक्रिय

समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों के अनुसार, शिवपुर विधानसभा सीट पर टिकट के लिए चार से पांच नेता सक्रिय हैं। इनमें दो ब्राह्मण, एक मौर्य और एक यादव समाज से आने वाले दावेदार शामिल बताए जा रहे हैं।

इसी तरह शहर दक्षिणी विधानसभा सीट पर भी चार नेता टिकट की दौड़ में हैं। इनमें दो से तीन दावेदार ब्राह्मण वर्ग से जुड़े बताए जा रहे हैं। ये नेता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाने के साथ ही क्षेत्र में जनसंपर्क भी बढ़ा रहे हैं।

कैंट और शहर उत्तरी में भी कई दावेदार

कैंट और शहर उत्तरी विधानसभा सीटों पर भी टिकट के लिए कई चेहरे सामने आ रहे हैं। इनमें ब्राह्मण, राजपूत, कायस्थ, अल्पसंख्यक और व्यापारी वर्ग से जुड़े नेता शामिल हैं। सभी दावेदार अपनी सामाजिक पकड़, संगठन में सक्रियता और क्षेत्र में राजनीतिक प्रभाव के आधार पर टिकट पाने की कोशिश कर रहे हैं।

मंगलवार को सपा की ओर से प्रदेश की पांच विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाने के बाद वाराणसी के दावेदारों की बेचैनी भी बढ़ गई है। हालांकि, जिले की आठों सीटों पर पार्टी ने अभी प्रत्याशियों के नाम घोषित नहीं किए हैं।

भाजपा में पोस्टर और सोशल मीडिया से दावेदारी

भाजपा में भी टिकट के दावेदार अब खुलकर सामने आने लगे हैं। शिवपुर और शहर उत्तरी विधानसभा सीटों पर मौजूदा विधायकों के अलावा पार्टी के कुछ पदाधिकारी भी पोस्टर, बैनर और सोशल मीडिया के जरिए अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।

हालांकि, पिछले विधानसभा चुनावों में भाजपा के टिकट वितरण के तरीके को देखते हुए अभी संभावित उम्मीदवारों के नाम पर तस्वीर साफ नहीं है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कई सीटों पर चुनाव के काफी करीब ऐसे चेहरों को टिकट दिया था, जिनकी पहले ज्यादा चर्चा नहीं थी।

वहीं, 2022 के चुनाव में पार्टी ने ज्यादातर सीटों पर मौजूदा विधायकों पर दोबारा भरोसा जताया था। इनमें से कई उम्मीदवार जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। ऐसे में इस बार भी भाजपा के टिकट को लेकर आखिरी समय तक अटकलें लग सकती हैं।

सपा में हर वर्ग के नेता टिकट की उम्मीद में

वाराणसी की राजनीति में इस बार एक बदलाव भी देखने को मिल रहा है। सपा से टिकट पाने की कोशिश में केवल पार्टी के पुराने नेता ही नहीं, बल्कि दूसरे दलों से जुड़े रहे नेता भी सक्रिय हैं।

ब्राह्मण, राजपूत, कायस्थ, पिछड़ा, अल्पसंख्यक और व्यापारी वर्ग के नेताओं की दावेदारी से पार्टी के भीतर टिकट की प्रतिस्पर्धा बढ़ती दिखाई दे रही है।

फिलहाल भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा सभी दलों में चुनावी तैयारियां चल रही हैं। लेकिन वाराणसी में टिकट को लेकर सबसे ज्यादा गतिविधियां सपा खेमे में नजर आ रही हैं। अब सबकी नजर पार्टी नेतृत्व पर है कि वह सामाजिक समीकरण, संगठन में सक्रियता और चुनाव जीतने की संभावना के आधार पर किन चेहरों को मौका देता है।

परिसीमन बिल पर महाराष्ट्र से लगेगी मोदी सरकार की नैया पार! उद्धव-शरद पवार के बाद कांग्रेस पर बीजेपी की नजर

संसद का विशेष सत्र कब और कौन बुलाता है? 6 महीने के नियम से लेकर विशेष बैठक तक, समझें संविधान का पूरा गणित

दिल्ली हाईकोर्ट से झटका, सुप्रीम कोर्ट से राहत; नरेश बाल्यान को MCOCA केस में मिली जमानत

महिला आरक्षण बिल पर सरकार का नंबर तैयार, NCP(SP)-JMM-DMK-BJD के समर्थन मिलने की बात आ रही सामने

सेना के जवानों ने शहीद साथी की बेटी को दुल्हन बनाकर दी विदाई, देखें भावुक कर देने वाला वीडियो