गाजीपुर में मुठभेड़ के बाद हत्या का आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की क्रॉस फायरिंग के दौरान दोनों पैरों में लगी गोली
23 नवंबर को धरवां गांव में मां-बेटी की गला रेतकर हत्या की थी
Ghazipur Double Murder Case: गाजीपुर में मां-बेटी की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दोहरे हत्याकांड में नामजद 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सोनू उर्फ परवेज को शनिवार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
यूपी पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर की रात धरवां गांव में मां-बेटी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में नंदगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस तभी से आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
पुलिस को 28 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड में वांछित 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी सोनू उर्फ परवेज नंदगंज पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग के पास से देवोपुर गांव जाने वाले कच्चे रास्ते पर मौजूद है।
सूचना के आधार पर नंदगंज पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, इस दौरान आरोपी से मुठभेड़ हुई, जिसमें उसके दोनों पैरों में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, मृतका का मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया चापड़ बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू उर्फ परवेज पुत्र स्वर्गीय महमूद, निवासी ग्राम श्रीगंज, थाना नंदगंज, जिला गाजीपुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 40 साल बताई गई है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में नंदगंज थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक औरंगजेब खां, कांस्टेबल जमील अंसारी, रोहित यादव, प्रदीप कुमार और मोहम्मद उमर शामिल रहे।