Highlights
‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ ..नारे पर भाजपा महिला मोर्चा का तंज
नारी शक्ति हुंकार आंदोलन के तहत वाराणसी में प्रदर्शन
भाजपा महिला मोर्चा ने राहुल गांधी के नाम रखीं चूड़ियां
महिला सम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस पर भाजपा ने लगाए आरोप
BJP Mahila Morcha Protest: आजाद पार्क (लहुराबीर) से मैदागिन तक निकला मातृशक्ति का जुलूस ‘लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ’ के खोखले नारों पर कसा तंज। जंतर-मंतर पर महिला पुलिसकर्मी के साथ राहुल गांधी द्वारा अभद्रता एवं जेएनयू में 11 छात्राओं के उत्पीड़न के आरोपी कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम पर मौन साधने पर फूटा महिलाओं का आक्रोश ।
सोमवार को जंतर-मंतर पर दिल्ली पुलिस की महिला कर्मी के साथ राहुल गांधी द्वारा की गई अभद्रता एवं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू ) में 11 छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोपी कांग्रेस सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोइजम की बर्खास्तगी के बाद भी कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की रहस्यमयी चुप्पी के विरोध में आज वाराणसी की सड़कों पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा का आक्रोश देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी 'नारी शक्ति हुंकार आंदोलन' के तहत वाराणसी में महिला मोर्चा के नेतृत्व में ऐतिहासिक प्रदर्शन एवं विशाल जुलूस निकाला गया।
सोमवार को दोपहर भारी संख्या में महिला कार्यकर्ता आजाद पार्क, लहुराबीर पर एकत्रित हुईं। हाथों में तख्तियाँ, बैनर और कांग्रेस के दोहरे रवैये पर तंज कसते पोस्टरों को लेकर महिलाओं का हुजूम लहुराबीर से मैदागिन स्थित कांग्रेस महानगर कार्यालय गया।जुलूस के दौरान पूरी काशी "नारी सम्मान में, भाजपा मैदान में", "जो बेटियों का शोषण करे, उस कांग्रेस पर धिक्कार है" और "राहुल गांधी शर्म करो" जैसे गगनभेदी नारों से पूरा रास्ता गुंजायमान हो उठा।
मैदागिन स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुँचकर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन का सबसे प्रभावी एवं प्रतीकात्मक दृश्य तब देखने को मिला, जब महिलाओं ने कांग्रेस कार्यालय के सामने राहुल गांधी के लिए चूड़ियाँ रखकर अपना विरोध जताया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष महिला मोर्चा सुनीता राजेश सिंह एवं महानगर अध्यक्ष पूजा दीक्षित ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि जेएनयू की आंतरिक समिति के तहत निष्पक्ष जांच कर 11 छात्राओं के यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों में सांसद बिमोल अकोइजम को बर्खास्त किया है। इसके बावजूद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने अपने सांसद को पार्टी से बाहर का रास्ता नहीं दिखाया। वहीं जंतर-मंतर पर ऑन-ड्यूटी महिला पुलिसकर्मी से अभद्रता कर राहुल गांधी ने अपनी सामंती व महिला विरोधी मानसिकता का परिचय दिया ।
प्रदर्शन के दौरान आजाद पार्क लहुराबीर पर उपस्थित महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व का चाल, चरित्र और चेहरा हमेशा से महिला विरोधी रहा है। आज देश की नारी शक्ति जाग चुकी है और कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र को बेनकाब कर रही है। कांग्रेस पार्टी हमेशा बलात्कारियों और शोषकों के पक्ष में खड़ी नजर आती है।