BJP-Chirag Seat Sharing in UP Assembly Elections: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव में कुछ महीनों का वक्त बचा है। इससे पहले सभी राजनीतिक दल एक्टिव हो गए हैं। इसी बीच केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी यूपी में अपनी पार्टी की तैयारियां बढ़ा दी हैं। LJP (रामविलास) NDA के साथ मिलकर चुनाव लड़ने और सीट बंटवारे की उम्मीद जता रही है।
इस बीच मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि चिराग पासवान की पार्टी और BJP में सीट बंटवारा लगभग तय हो चुका है। रिपोर्ट्स की मानें तो 10 विधानसभा सीटों पर LJP (रामविलास) के चुनाव लड़ने की चर्चा सामने आई है।
चिराग पासवान 27 सितंबर को प्रयागराज पहुंचेंगे। यहां वह परेड ग्राउंड में युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम और जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी की ओर से इसे यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में अहम कार्यक्रम बताया जा रहा है।
इसके बाद वाराणसी, गोरखपुर और लखनऊ में भी पार्टी के कार्यक्रम प्रस्तावित बताए गए हैं। LJP (रामविलास) प्रदेश की 101 विधानसभा सीटों पर विशेष तैयारी कर रही है। पार्टी नेताओं के मुताबिक, इन सीटों पर पासी-पासवान मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।
LJP (रामविलास) के यूपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी ने कहा है कि पार्टी फिलहाल सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर BJP के साथ गठबंधन नहीं होता है तो पार्टी अकेले चुनाव मैदान में उतर सकती है।
ऐसे में यूपी चुनाव से पहले NDA और LJP (रामविलास) के बीच सीट बंटवारे को लेकर होने वाली बातचीत पर राजनीतिक नजरें बनी हुई हैं।
कुछ महीनों पहले चिराग पासवान ने खुलकर चुनाव लड़ने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि बिल्कुल, पार्टी लोजपा रामविलास उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। हमारे प्रभारी जो कि बिहार के भी प्रभारी हैं अरुण भारती, वो निरंतरता में संगठन को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं।