Sant Kabir Nagar Bulldozer Action: उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर में जिला प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल, अल-हुदा मदरसे पर बुलडोजर एक्शन लिया गया है। गौरतलब है कि यह मदरसा ब्रिटिश मौलाना हुदा खान से जुड़ा हुई था। मौलाना पर अवैध तरीके से विदेशी फंडिंग और पाकिस्तान कनेक्शन जैसे गंभीर आरोप भी लगे हैं।
इस मामले को लेकर अधिकारियों का कहना है कि यह मदरसा बिना नक्शा पास कराए बनवाया गया था। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोती नगर स्थित अल-हुदा मदरसे पर सुबह से ही प्रशासनिक टीम के साथ भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी।
खबरों के मुताबिक प्रशासन का कहना है कि मदरसे का निर्माण बिना स्वीकृत नक्शे के कराया गया था। इस मामले में संबंधित विभाग ने जनवरी को नोटिस भी भेजा था। इसके बावजूद निर्माण को वैध कराने के लिए आवश्यक दस्तावेज पेश नहीं किए गए। जांच में निर्माण नियमों के विपरीत होने की बात सामने आई है। जिसके बाद ध्वस्तीकरण का आदेश दिया गया।
गौरतलब है कि, कार्रवाई रुकवाने के लिए मौलाना शमसुल हुदा खान ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की, लेकिन अदालत ने इसे खारिज कर दिया। कोर्ट से राहत न मिलने के बाद जिला प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी। मौलाना पहले से ही जांच एजेंसियों के रडार पर हैं और उन पर अवैध विदेशी फंडिंग लेने व संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय संपर्क रखने के आरोप हैं।
सदर एसडीएम हृदय राम त्रिपाठी ने बताया कि मौलाना पर लगे गंभीर आरोपों के बीच जांच प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि मदरसे का नक्शा संबंधित विभाग से पास नहीं कराया गया था, जिसके चलते 13 जनवरी 2026 को नोटिस जारी किया गया था। इस पर मौलाना ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की, लेकिन वह खारिज हो गई। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी, जो मदरसे के पूर्ण ध्वस्तीकरण तक जारी रहेगी। बुलडोजर कार्रवाई के दौरान मौके पर उत्तर प्रदेश पुलिस बल तैनात रहा।