Gorakhpur Road Rage Case: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में रोड रेज का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित रेलवे हॉस्पिटल के पास कार और बाइक की मामूली टक्कर के बाद कुछ युवकों ने एक 24 वर्षीय युवती को कथित तौर पर कार से खींचकर बेरहमी से पीटा। युवती का आरोप है कि उसके साथ बदसलूकी की गई, गलत तरीके से छुआ गया और कपड़े फाड़ने की भी कोशिश की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में गंभीर धाराएं जोड़ते हुए मुख्य आरोपी राज निषाद को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, रामगढ़ताल क्षेत्र की रहने वाली 24 वर्षीय युवती 9 जुलाई की शाम अपने बीमार पिता को इलाज के लिए ग्रैंड विटारा कार से रेलवे हॉस्पिटल ले जा रही थी। इसी दौरान रेलवे हॉस्पिटल के पास उसकी कार की एक बाइक से मामूली टक्कर हो गई। युवती का आरोप है कि बाइक सवार ने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय उससे माफी मांगने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसने अपने साथियों को बुला लिया, जो काली स्कॉर्पियो से मौके पर पहुंचे।
पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उसके बाल पकड़कर उसे कार से बाहर खींच लिया और बीच सड़क पर लात-घूंसों से मारपीट की। उसने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके साथ बैड टच किया, कपड़े फाड़ने की कोशिश की और दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी भी दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसकी कार में तोड़फोड़ कर शीशे भी तोड़ दिए। इस दौरान कार में बैठे उसके बीमार पिता पूरी घटना बेबस होकर देखते रहे, जबकि युवती राहगीरों से मदद की गुहार लगाती रही। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराने की कोशिश की।
घटना के बाद युवती की शिकायत पर शाहपुर थाने में अज्ञात बाइक सवार और स्कॉर्पियो सवार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। शुरुआती एफआईआर में हल्की धाराएं लगाई गई थीं, लेकिन घटना का वीडियो सामने आने और आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या के प्रयास, लज्जाभंग, मारपीट और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित अन्य गंभीर धाराएं भी जोड़ दीं।
पीड़िता का कहना है कि वह सभी आरोपियों की पहचान कर सकती है। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए, जिससे उसका परिवार दहशत में है। शाहपुर थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह के मुताबिक, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई है। मामले की जांच उपनिरीक्षक दुर्गेश नंदिनी को सौंपी गई है।
ये भी पढ़ें- पहले मां को मारो, तभी बेटी को भेजूंगी: सास के कहने पर कलयुगी बेटे ने मां को सब्जी में दिया जहर, हालत गंभीर
वहीं, एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि मुख्य आरोपी राज निषाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए यूपी पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किए जाने का दावा किया गया है।