रानी लक्ष्मीबाई जयंती (सोर्स: नवभारत लाइव)
उत्तर प्रदेश

रानी लक्ष्मीबाई के रूप में सजीं नन्हीं बेटियां, बोलीं- हम भी बनना चाहते हैं झांसी की रानी

Rani Lakshmibai Birth Anniversary: झांसी की रानी लक्ष्मीबाई एक ऐसी महिला क्रांतिकारी थीं, जिन्होंने देश की आजादी की चिंगारी को प्रज्वलित किया और आखिरी सांस तक अंग्रेजों के सामने घुटने नहीं टेके।

आकाश साहू, नमिता प्रजापति

Highlights:

  • रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर वीरांगना के शौर्य और बलिदान को किया याद

  • बच्चियों के चेहरे पर दिखा रानी का तेज तो जुबां पर गूंजे उनके साहस के किस्से

  • झांसी को बचाने के लिए अंग्रेजों से संघर्ष किया और वीरगति को प्राप्त हुईं थी रानी लक्ष्मीबाई

Little Girls Dressed as Rani Lakshmibai: सिर पर पगड़ी, हाथों में तलवार और चेहरे पर रानी लक्ष्मीबाई जैसा आत्मविश्वास... महारानी के जयंती पर जब झांसी की नन्हीं बेटियां उनके स्वरूप में सामने आईं तो लगा मानो इतिहास एक बार फिर जीवंत हो उठा हो। इन बच्चियों के लिए रानी लक्ष्मीबाई सिर्फ इतिहास के पन्नों में दर्ज एक वीरांगना नहीं, बल्कि साहस, स्वाभिमान और नारी शक्ति की ऐसी प्रेरणा हैं, जिनके जैसा बनने का सपना आज भी वे अपनी आंखों में संजोए हुए हैं। किसी ने कहा कि हमें अपनी रानी पर गर्व है, तो किसी ने अंग्रेजों से लोहा लेने वाली वीरांगना की तरह निडर बनने की इच्छा जाहिर की।

वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर झांसी में जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित कर उनके अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को याद किया जा रहा है। स्कूलों में भी उत्साह का माहौल दिखाई दिया। महारानी लक्ष्मीबाई जूनियर हाईस्कूल में छात्राएं रानी के स्वरूप में सजी नजर आईं। उनके हाथों में तलवार और चेहरे पर आत्मविश्वास की झलक दिखाई दी। इन नन्हीं बेटियों के जरिए मानो झांसी की वीरांगना का शौर्य एक नई पीढ़ी तक पहुंचता नजर आया।

रानी लक्ष्मीबाई जयंती

रानी लक्ष्मीबाई युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्त्रोत

स्कूल की प्रधानाध्यापक माला मल्होत्रा ने कहा कि विद्यालय में रानी लक्ष्मीबाई की जयंती बड़े धूमधाम से मनाई जाती है। आज विद्यालय की बच्चियां रानी लक्ष्मीबाई के स्वरूप में नजर आ रही हैं। उनके अंदर वही तेज और साहस दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ऐसी महिला क्रांतिकारी थीं, जिन्होंने देश की आजादी की चिंगारी को प्रज्वलित किया और आखिरी सांस तक अंग्रेजों के सामने घुटने नहीं टेके। उनसे आज की युवा पीढ़ी को सीखना चाहिए कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, हिम्मत नहीं हारनी चाहिए। अपने संकल्प पर अडिग रहकर हर चुनौती का निडरता से सामना करना चाहिए।

झांसी की बेटी होना गर्व की बात

वहीं रानी लक्ष्मीबाई का स्वरूप धारण करने वाली छात्रा हरिशा कुशवाहा ने कहा कि आज रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर उनका रूप धारण करके उसे बहुत गर्व महसूस हो रहा है। वह झांसी की नागरिक है और उसे अपनी रानी पर गर्व है। उन्होंने झांसी को बचाने के लिए अंग्रेजों से संघर्ष किया और वीरगति को प्राप्त हुईं। वह भी बड़ी होकर रानी लक्ष्मीबाई जैसी बनना चाहती हैं।

छात्रा अनन्या मिश्रा ने कहा कि उसे झांसी की बेटी होने पर गर्व है। रानी लक्ष्मीबाई बहुत निडर और ताकतवर थीं। उन्होंने हमारे लिए अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी। आज उनका स्वरूप धारण करके वह बेहद खुश हैं। वहीं दिव्यांशी गौहर ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का रूप लेकर उन्हें बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। वह एक साहसी योद्धा थीं, जिन्होंने अपनी झांसी किसी को नहीं दी और अंग्रेजों के सामने डटकर मुकाबला किया।

रानी का जन्मदिन एक दिन नहीं, हर दिन मनाने की जरूरत

झांसी निवासी जयकरण ने कहा कि 19 नवंबर को रानी लक्ष्मीबाई का जन्मदिवस मनाया जाता है, लेकिन उनके विचारों और आदर्शों को केवल एक दिन याद करना पर्याप्त नहीं है। उनका जन्मदिवस हर दिन, हर मिनट और हर सेकंड मनाने की जरूरत है। उनके जीवन से जितना सीख सकें और उनके चरित्र को जितना अपने जीवन में उतार सकें, वही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि कम उम्र में पति के निधन के बाद भी रानी लक्ष्मीबाई ने जिस तरह अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया और 1857 की क्रांति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, वह अद्भुत है।

उन्होंने कहा कि जब भी झांसी के किले में प्रवेश करते हैं तो सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है कि हम उस धरती के निवासी हैं, जहां लगभग 170 साल पहले एक वीरांगना ने अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती देने का साहस दिखाया था। किले की प्राचीर और रानी महल को देखकर अपने गौरवशाली इतिहास और संघर्ष की याद ताजा हो जाती है। एक महिला होकर जिस अदम्य साहस के साथ उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी, वह पूरी दुनिया के लिए मिसाल है।

रानी लक्ष्मीबाई जयंती

नन्हीं बेटियों की जुबां पर रानी, आंखों में उनके जैसा बनने का सपना

झांसी की गलियों से लेकर स्कूलों तक रानी लक्ष्मीबाई के जन्मदिवस पर उत्साह दिखाई दे रहा है। खास बात यह है कि आज की बेटियां रानी को केवल एक ऐतिहासिक किरदार के रूप में नहीं देख रहीं, बल्कि उन्हें अपना आदर्श मान रही हैं।

उनके हाथों में तलवार भले ही प्रतीकात्मक हो, लेकिन उनके मन में साहस और आत्मविश्वास का संकल्प साफ दिखाई देता है। यही रानी लक्ष्मीबाई की सबसे बड़ी विरासत है कि सदियों बाद भी उनकी वीरता झांसी की बेटियों को निडर बनने और अपने सपनों के लिए लड़ने की प्रेरणा दे रही है।

कावेरी के लिए कड़ा संघर्ष, तमिलनाडु में नदी की रेत में दफन हुए किसान, कर्नाटक सरकार की मेकेदातु बांध पर बवाल

FICCI के शताब्दी सम्मेलन में PM मोदी का संबोधन, बोले- पिछले 12 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था की तस्वीर बदली

पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का रास्ता साफ, SEIAA ने दी मंजूरी; ₹375.33 करोड़ से बनेगा 3,000 मीटर लंबा रनवे

रानी लक्ष्मीबाई: मातृशक्ति के साहस की वह गाथा, जिसने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी

रिकोव वेंचर्स ने जुटाए 56.25 करोड़ रुपये, महाराष्ट्र-कर्नाटक में रिसाइक्लिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार