Allahabad University UGC NET Result 2026: इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर की शोध एवं अध्यापन पात्रता परीक्षा में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार यूजीसी नेट/जेआरएफ जून 2026 परीक्षा में कुल 293 विद्यार्थी सफल हुए हैं। इनमें 62 अभ्यर्थियों ने जेआरएफ, 203 ने नेट और 28 अभ्यर्थियों ने केवल पीएचडी प्रवेश के लिए पात्रता हासिल की है। विषयवार परिणाम में शिक्षा शास्त्र सबसे आगे रहा, जबकि हिंदी और संस्कृत में भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की।
विषयवार आंकड़ों में शिक्षा शास्त्र के 66 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है। इनमें नौ विद्यार्थियों ने जेआरएफ, 35 ने नेट और 22 अभ्यर्थियों ने पीएचडी प्रवेश के लिए पात्रता प्राप्त की। इसके बाद हिंदी में 49 विद्यार्थी सफल हुए। हिंदी में 16 अभ्यर्थियों ने जेआरएफ और 33 ने नेट की पात्रता हासिल की।
संस्कृत विषय में भी विद्यार्थियों का प्रदर्शन शानदार रहा। यहां कुल 34 अभ्यर्थी सफल हुए, जिनमें चार जेआरएफ और 30 नेट में सफल रहे। भूगोल में 14 अभ्यर्थियों ने नेट की पात्रता हासिल की।
आंकड़ों के मुताबिक मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास में 17, मनोविज्ञान में 15 और राजनीति विज्ञान में 11 अभ्यर्थी नेट में सफल हुए। रक्षा एवं रणनीतिक अध्ययन में भी 11 विद्यार्थियों ने नेट पात्रता हासिल की। दर्शन शास्त्र में आठ, प्राचीन इतिहास में आठ, संगीत एवं प्रदर्शन कला में छह, पत्रकारिता एवं जनसंचार में छह तथा शारीरिक शिक्षा में पांच विद्यार्थी सफल हुए।
इसके अलावा कंप्यूटर विज्ञान और दृश्य कला में चार-चार तथा अर्थशास्त्र में तीन विद्यार्थियों ने नेट की पात्रता हासिल की।
यूजीसी नेट/जेआरएफ जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में 293 विद्यार्थियों की सफलता इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अकादमिक माहौल और विद्यार्थियों की मेहनत को दर्शाती है। जेआरएफ में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थी आगे शोध के क्षेत्र में प्रवेश कर सकेंगे, जबकि नेट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए उच्च शिक्षा संस्थानों में अध्यापन के अवसर खुलेंगे। वहीं पीएचडी प्रवेश पात्रता हासिल करने वाले अभ्यर्थियों को शोध की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। परिणाम ने विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में शोध और उच्च शिक्षा की तैयारियों को भी नई मजबूती दी है।