नितिन कुमार  (सोर्स- नवभारत लाइव)
प्रयागराज

प्रयागराज के नितिन कुमार ने रचा इतिहास; इंडिया स्किल्स नेशनल प्रतियोगिता में देश में हासिल किया पहला स्थान

India Skills Competition: योगी सरकार के प्रयासों को युवा नितिन कुमार ने बड़ी उपलब्धि दिलाई है। नितिन कुमार ने इंडिया स्किल्स नेशनल प्रतियोगिता में देशभर में पहला स्थान हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया

ओमप्रकाश सिंह परिहार, स्निग्धा श्रीवास्तव

Nitin Kumar Prayagraj Skilled Youth: उत्तर प्रदेश को देश की स्किल कैपिटल बनाने की दिशा में योगी सरकार के प्रयासों को प्रयागराज के युवा नितिन कुमार ने बड़ी उपलब्धि दिलाई है। फूलपुर क्षेत्र के लतीफपुर गांव निवासी नितिन कुमार ने इंडिया स्किल्स नेशनल प्रतियोगिता 2025-26 में देशभर में पहला स्थान हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। राजमिस्त्री (Mason) ट्रेड में शानदार प्रदर्शन करते हुए नितिन ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। अब वह सितंबर 2026 में होने वाली एशिया स्किल्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने की तैयारी कर रहे हैं।

21 घंटे में तैयार किया संसद भवन का मॉडल, जीता गोल्ड

प्रयागराज कौशल विकास मिशन के जिला प्रबंधक अभिषेक शुक्ला के मुताबिक नितिन कुमार ने यदुपति सिंघानिया आईआईटी, कानपुर से राजमिस्त्री ट्रेड में कौशल प्रशिक्षण हासिल किया है। फौजी परिवार से ताल्लुक रखने वाले नितिन की खास रुचि वॉल एंड टाइलिंग के काम में रही है। इसी रुचि को उन्होंने प्रतियोगिता में अपनी ताकत बनाया।

नेशनल स्किल्स प्रतियोगिता में नितिन को दो वॉल और एक फ्लोर वाले संसद भवन के डिजाइन का मॉडल तैयार करने का कार्य दिया गया था। नितिन ने वॉल और टाइल्स की मदद से निर्धारित मॉडल को महज 21 घंटे में तैयार कर शानदार प्रदर्शन किया और गोल्ड मेडल हासिल किया। देश में पहला स्थान मिलने के बाद अब उनकी नजर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं पर है। नितिन भविष्य में अपना खुद का स्टार्टअप शुरू करना चाहते हैं।

गांव से शहर तक युवाओं को मिल रहा कौशल दिखाने का मंच

कौशल विकास मिशन के जरिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है। जिला मिशन प्रबंधक अभिषेक शुक्ला के अनुसार आईटीआई, पॉलिटेक्निक, कौशल प्रशिक्षण संस्थानों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और अन्य प्रशिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत अथवा प्रशिक्षित प्रतिभावान युवा इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं।

इच्छुक युवा स्किल इंडिया डिजिटल हब के पोर्टल पर 15 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। प्रतियोगिता जिला, राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आयोजित होगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को उन्नत प्रशिक्षण और मूल्यांकन का अवसर मिलेगा। चयनित प्रतिभाओं को आगे अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा।

63 उद्योग उन्मुख कौशल श्रेणियां, रोजगार के साथ स्टार्टअप का अवसर

इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं की तकनीकी दक्षता को पहचानने के साथ उन्हें रोजगार और उद्यमिता से जोड़ना भी है। वर्ष 2026-27 की प्रतियोगिता में 63 उद्योग-उन्मुख एवं भविष्य की जरूरतों से जुड़ी कौशल श्रेणियां शामिल की गई हैं।

इनमें उन्नत विनिर्माण, निर्माण, डिजिटल तकनीक, इंजीनियरिंग, आतिथ्य, परिवहन, रचनात्मक उद्योग और तेजी से उभरते क्षेत्रों से जुड़े कौशल शामिल हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को आगे प्रशिक्षण, मूल्यांकन और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने के अवसर मिल सकते हैं।

अब एशिया से विश्व मंच तक नितिन की नजर

नितिन कुमार की राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि प्रयागराज के युवाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई है। इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता में देश में पहला स्थान हासिल करने के बाद अब उनके सामने एशिया और उसके बाद विश्व कौशल प्रतियोगिता तक पहुंचने की चुनौती है। सरकार की ओर से आयोजित इन प्रतियोगिताओं का लक्ष्य युवाओं की प्रतिभा को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है।

Delhi Building Collapse Live: PG मालिक के बाद पत्नी-बेटा भी अरेस्ट, सत्य निकेतन में 27 घंटे बाद रेस्क्यू खत्म

Explainer: आग, जलभराव या इमारत गिरने की घटना, हमेशा MCD पर ही क्यों सवाल; दिल्ली पर इसका कितना कंट्रोल?

Bye Election: चार राज्यों की 5 विधानसभा और 1 लोकसभा सीट पर उपचुनाव का ऐलान, देखें पूरा शेड्यूल

न्यूट्रल स्पिरिट में आर्टिफिशियल फ्लेवर डाल बन रही थी Old Monk! FSSAI का रम मानने से इनकार, HC करेगा फैसला

सत्य निकेतन हादसा: छात्रों की मौत के लिए PG हॉस्टल मालिक के साथ MCD भी जिम्मेदार, हाई कोर्ट में आज क्या हुआ?