अत्यधिक गंदगी मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने का आदेश
मार्ग से आवागमन और स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर
लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
Divisional Commissioner Strict Stance: प्रयागराज में लगने वाले माघ मेला-2027 की तैयारियों में लापरवाही बरतने वाली कार्यदायी संस्थाओं और नगर निगम के जिम्मेदार कर्मचारियों पर अब कार्रवाई की जाएगी। सलोरी एसटीपी के तहत निर्माणाधीन 32 एमएलडी क्षमता वाले मेन पंपिंग स्टेशन का काम करीब 15 महीने विलंबित होने पर मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यदायी संस्था मेसर्स एचएनबी महाराष्ट्र पर अनुबंध की शर्तों के तहत परियोजना लागत का पांच प्रतिशत यानी करीब 5.50 करोड़ रुपये की पेनाल्टी लगाने के निर्देश दिए। साथ ही 20 दिसंबर 2026 तक निर्माण पूरा कर ट्रायल रन शुरू कराने की समय-सीमा तय की।
अमिताभ बच्चन पुलिया के निकट नमामि गंगे परियोजना से वित्तपोषित 32 एमएलडी क्षमता के मेन पंपिंग स्टेशन का निर्माण कराया जा रहा है। इसे अगस्त 2025 तक पूरा होना था, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बावजूद काम अधूरा है। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने परियोजना प्रबंधक को अनुबंध के प्रावधानों के अनुसार पेनाल्टी लगाने की कार्रवाई करने को कहा। नई समय-सीमा के तहत 20 दिसंबर तक निर्माण पूरा कर परीक्षण शुरू करना होगा।
मंडलायुक्त ने नागवासुकी मंदिर के निकट महाकुंभ-2025 के दौरान निर्मित कॉस्टल रोड का भी निरीक्षण किया। आसपास अत्यधिक गंदगी मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। माघ मेले के दौरान इस मार्ग से आवागमन और स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया।
सैदाबाद स्थित नगर निगम के कूड़ा संग्रहण एवं हस्तांतरण केंद्र पर भी निरीक्षण के दौरान कूड़े का ढेर मिला। समय से कचरा उठान और निस्तारण नहीं होने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। नगर आयुक्त साई तेजा को संबंधित जोनल सैनिटरी ऑफिसर (जेडएसओ) और सफाई एवं खाद्य निरीक्षक (एसएफआई) से स्पष्टीकरण मांगने तथा क्षेत्रीय सुपरवाइजर को निलंबित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, गंगा प्रदूषण नियंत्रण परियोजना के प्रभारी सुरेंद्र परमार समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि माघ मेला-2027 को देखते हुए सीवरेज, स्वच्छता और कूड़ा निस्तारण से जुड़े सभी कार्य समय सीमा के अंदर पूरे किए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।