Prayagraj Cough Syrup Smuggling: एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे कोडीनयुक्त प्रतिबंधित कफ सीरप के अवैध कारोबार का एसटीएफ की स्पेशल टास्क फोर्स ने राजफाश किया है। टीम ने एयरपोर्ट पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक गोदाम में छापा मारकर तीन युवकों को गिरफ्तार किया। मौके से करीब 80 पेटी प्रतिबंधित कफ सीरप बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर पुलिस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
बताया गया कि एयरपोर्ट थाना क्षेत्र से करीब 500 मीटर दूर एक स्थान पर कोडीनयुक्त कफ सीरप का भंडारण किया जा रहा था। यहां से प्रयागराज और आसपास के जिलों में प्रतिबंधित कफ सीरप की सप्लाई किए जाने की जानकारी एसटीएफ को मिली थी। इसके बाद टीम ने मामले की पड़ताल शुरू की। जांच में सामने आया कि सिंडिकेट में अलग-अलग जनपदों के कई युवक जुड़े हुए हैं। रविवार रात एसटीएफ की टीम ने एयरपोर्ट पुलिस के साथ घेराबंदी कर गोदाम पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान तीन युवकों को दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। उनसे यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रतिबंधित कफ सीरप कहां से मंगाया जाता था और किन स्थानों पर इसकी आपूर्ति की जाती थी। साथ ही सिंडिकेट में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के बाद तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कुछ और नाम सामने आ सकते हैं।
मामले में औषधि निरीक्षक और विभाग के कुछ कर्मचारियों की भूमिका की शिकायतें भी सामने आने की बात कही गई है। आरोप है कि प्रतिबंधित कफ सीरप की खरीद-बिक्री और आपूर्ति को लेकर विभागीय स्तर पर भी कुछ लोगों की संलिप्तता हो सकती है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। एसटीएफ और पुलिस बरामद सीरप के स्रोत, सप्लाई चैन तथा इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।