हस्त शिल्पियों को उद्यमी बनाने के लिए चलाया गया उद्यमिता विकास अभियान
प्रयागराज डिवीजन के 51 हजार हस्त शिल्पियों को बनाया जायेगा सफल उद्यमी
पारंपरिक हस्त शिल्पियों को व्यवसाय, डिजिटल मार्केटिंग, एक्सपोर्ट एवं जीएसटी का मिला गहन व्यावहारिक प्रशिक्षण
Traditional Craftspeople Into Entrepreneurs: एक तरफ जहां प्रदेश की योगी सरकार परंपरागत हस्तशिल्प को पुनर्जीवन दी रही है तो वहीं अब उससे एक कदम आगे जाकर हस्तशिल्प से जुड़े कारीगरों को आत्मनिर्भर और कुशल उद्यमी बनाने का अभियान भी शुरू हो गया है। इससे अभी तक जो हस्तशिल्पी केवल उस शिल्प के उत्पाद बनाने तक सीमित थे अब वो अपने हुनर और प्रशिक्षण से स्वयं मालिक और उद्यमी भी बन सकेंगे।
भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के कार्यालय विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) की तरफ से यूपी के मध्य क्षेत्र डिवीजन में उद्यमिता विकास कार्यक्रम के उद्यमिता विकास अभियान चलाया गया। सहायक निदेशक (हस्तशिल्प) तान्या बनर्जी का कहना है कि प्रयागराज के JIMARS विकलांग केंद्र मे चलाए गए इस 6 दिवसीय अभियान मे हस्तशिल्पियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस अभियान का उद्देश्य शिल्पकारों को ई-कॉमर्स, जीएसटी, एक्सपोर्ट और बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना है ताकि ये हस्तशिल्पी कारीगर से ऊपर उठकर सफल और आत्म निर्भर उद्यमी बन सकें।
विभिन्न चरणों मे यह अभियान चलाया जाएगा जिसके पहले चरण का समापन अभी हुआ है। इस अभियान के अंतर्गत मध्य क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रयागराज मण्डल के 51 हजार से अधिक हस्तशिल्पियों को उद्यमी बनाया जाएगा।
इस उद्यमिता संवर्धन अभियान में अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने कारीगरों को अपनी अपनी विधा के कौशल से अवगत कराया। आयोजन की नोडल सहायक निदेशक तान्या बनर्जी का कहना है कि यह विशेष शिविर हस्तशिल्पियों को केवल उनके पारंपरिक निर्माण कौशल तक सीमित न रखकर उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक बाजार में एक सफल उद्यमी (Entrepreneur) के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया।
इसमें इम्पैनल्ड डिजाइनर आनंद मणि बाजपेयी ने आधुनिक मार्केट ट्रेंड्स, डिजाइन इनोवेशन एवं कस्टमर मैनेजमेंट तकनीकों पर हस्तशिल्पियों को बारीकियां बताई। अभियान मे वरिष्ठ उद्यमिता विकास विशेषज्ञ प्रमोद कुमार श्रीवास्तव द्वारा सूक्ष्म उद्यम स्थापित करने की चरणबद्ध प्रक्रिया एवं बिजनेस प्लान निर्माण पर प्रशिक्षण दिया गया। अभियान में इम्पैनल्ड डिजाइनर डॉ. सृष्टि पुरवार द्वारा ऑनलाइन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स, सोशल मीडिया मार्केटिंग एवं डिजिटल पेमेंट के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी कारीगरों के साथ साझा किया।
एक्सपोर्ट मैनेजमेंट एवं केस स्टडीज विषय विशेषज्ञ द्वारा अंतरराष्ट्रीय व्यापार, निर्यात दस्तावेज तथा सफल शिल्प उद्यमियों की व्यावहारिक केस स्टडी का विश्लेषण किया गया। कानूनी विशेषज्ञ वीरेन्द्र के. सी. ने जीएसटी रजिस्ट्रेशन, फाइलिंग औपचारिकताएं, MCA एवं रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (ROC) की नियमावली की जानकारी हस्तशिल्पियों को दी।
प्रयागराज मंडल में करीब 51 हजार हस्तशिल्पी हैं जो विभिन्न परम्परागत हस्तशिल्प के हुनर से जुड़े हैं। कारीगरों को उद्यमी बनाने के इस अभियान के पहले चरण मे मूँज क्राफ्ट और एमबरऑयदरी से जुड़े कारीगरों को उद्यमिता का प्रशिक्षण दिया गया। नोडल अधिकारी तान्या बनर्जी का कहना है कि अभियान मे मूँज से जुड़े 900 कारीगर और एमबरऑयदरी के 400 कारीगरों को इसका प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रयागराज के नैनी महेवा के मूँज क्लस्टर से ट्रेनिंग मे शामिल हुई हस्तशिल्पी चाँद का कहना है कि उन्होंने मूँज से जुड़े 26 तरह के उत्पाद बनाकर बाजार मे उतारे हैं। लेकिन बिचौलियों की वजह से अभी तक उन्हे अपने उत्पाद का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा था। उद्यमिता की इस ट्रेनिंग के बाद अब उनकी बिचौलियों पर निर्भरता खत्म हो जाएगी।
शहर के करेली इलाके के एंब्रायडरी क्लस्टर से अभियान मे ट्रेनिंग लेने आई शिल्पकार सबीना सेठ का कहना है कि उनके समूह मे करेली ली 50 से अधिक महिलाये हैं। इन्हें काम की पूरी जानकारी है लेकिन अभी तक ये अपने उत्पाद स्थानीय बाजार से बाहर नहीं भेज पाई। आज के दौर में बाजार अब सिर्फ स्थानीय बाजार तक सीमित नहीं है, बल्कि मोबाइल और इंटरनेट तक पहुंच गया है। प्रशिक्षकों ने हमे अपने उत्पाद को डिजिटल और सोशल मीडिया पर से प्रमोट करने पूरी प्रक्रिया बताई है। इससे हमारे उत्पाद अब स्थानीय बाजार से बाहर भी जाएंगे।