खनन से उजड़ रहा राष्ट्रीय पक्षी मोर का आशियाना (सोर्स : नवलाइव भारत)
प्रयागराज

मकदुम्मा पहाड़ी पर खनन के खिलाफ अनोखा विरोध, मोरों की खातिर ग्रामीणों ने नहीं मनाई दीपावली

Mining on Makdumma Hill Prayagraj: मकदुम्मा पहाड़ी पर खनन से मोरों का आशियाना उजाड़ने के विरोध में परवेजाबाद और असवा के ग्रामीणों ने दीपावली नहीं मनाई और सरकार से खनन पट्टा निरस्त करने की मांग की।

ओमप्रकाश सिंह परिहार, शक्ति सौरभ

Highlights:

  • चार महीने से मकदुम्मा पहाड़ी पर खनन जारी

  • विस्फोटों से मोरों का प्राकृतिक आशियाना संकट में

  • कई मोरों की मौत का ग्रामीणों ने लगाया आरोप

  • खनन पट्टा निरस्त करने की उठाई मांग

Destroying Peacocks Habitat Prayagraj : प्रयागराज में दीपावली का पर्व जहां हर तरफ रोशनी और खुशियों के साथ मनाया जा रहा था, वहीं बारा तहसील के कई गांवों में इस बार दीपक नहीं जले। वजह भी बेहद संवेदनशील रही। राष्ट्रीय पक्षी मोर के अस्तित्व और उसके प्राकृतिक आशियाने को बचाने के लिए परवेजाबाद और असवा समेत आसपास के ग्रामीणों ने दीपावली नहीं मनाने का निर्णय लिया।

ग्रामीणों का कहना है कि जब उनके गांव के समीप रहने वाले राष्ट्रीय पक्षी का जीवन ही संकट में है तो वे उत्सव कैसे मनाएं।

मोरों का प्राकृतिक बसेरा रही है मकदुम्मा पहाड़ी

प्रयागराज जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर परवेजाबाद गांव के समीप असवा गांव स्थित मकदुम्मा पहाड़ी लंबे समय से मोरों का प्राकृतिक बसेरा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले करीब चार महीने से पहाड़ी को तोड़ने का काम तेजी से चल रहा है।

इसके लिए विस्फोटकों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि बड़े-बड़े पत्थरों को तोड़ने के लिए मशीनें लगाई गई हैं। विस्फोटों की तेज आवाज और मशीनों की लगातार गड़गड़ाहट से पहाड़ी पर रहने वाले मोरों का प्राकृतिक आवास प्रभावित हो रहा है।

जान गवाने को मजबूर राष्ट्रीय पक्षी

ग्रामीणों का आरोप है कि पत्थर तोड़ने के दौरान कई मोर चोटिल होकर जान गंवा चुके हैं। लगातार बढ़ते शोर और असुरक्षित माहौल के चलते मोर पहाड़ी छोड़कर आसपास के गांवों की ओर पलायन कर रहे हैं।

हालांकि, गांवों में भी उनका जीवन सुरक्षित नहीं है। आवारा कुत्तों के हमलों का खतरा बना रहता है। ऐसे में राष्ट्रीय पक्षी के सामने अपने प्राकृतिक आवास के साथ ही जीवन बचाने का संकट खड़ा हो गया है।

शिकायतों और विरोध के बाद भी नहीं रुका काम

असवा गांव निवासी आलोक त्रिपाठी का कहना है कि मकदुम्मा पहाड़ी पर रहने वाले वन्य जीवों का जीवन खतरे में है। पहाड़ी पर हो रही तोड़फोड़ रोकने के लिए जिला प्रशासन से कई बार शिकायत की गई और ज्ञापन सौंपकर विरोध भी जताया गया।लेकिन अब तक काम बंद नहीं हुआ। इसी पीड़ा के चलते ग्रामीणों ने दीपावली नहीं मनाई।

ग्रामीणों ने उठाई खनन पट्टा निरस्त करने की मांग

ग्रामीण जयप्रकाश मिश्र का कहना है कि गांव के समीप स्थित मकदुम्मा पहाड़ी का खनन पट्टा दिया गया है, जबकि यह पहाड़ी राष्ट्रीय पक्षी मोर का आश्रय स्थल है। खनन के कारण उनका प्राकृतिक आवास छीना जा रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पहाड़ी पर हो रही तोड़फोड़ तत्काल रुकवाने, मोरों के संरक्षण और खनन गतिविधियों की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि विकास और खनन के नाम पर वन्य जीवों के अस्तित्व को खतरे में नहीं डाला जाना चाहिए।

शेख हसीना फिर जाएंगी बांग्लादेश! नए पासपोर्ट और पहचान पत्र के लिए किया आवेदन

दिवाली के बाद दिल्ली की हवा में घुला सियासी धुआं, पंजाब पर आरोपों की आतिशबाजी! खेतों में आग किसने लगाई?

अंतिम संस्कार के लिए हजारीबाग से वाराणसी जा रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, भीषण टक्कर में 7 की मौत,14 घायल

कैंसर की 1,364 दवाएं 96 प्रतिशत तक हुईं सस्ती, दवाओं की लिस्ट और नई MRP दरें यहां देखें

RSS पर प्रतिबंध की कोशिश के दौरान इब्राहिम ने किया था संघ का बचाव, मोहन भागवत ने सुनाया 1930 के दशक का किस्सा