दिव्य दरबार में धीरेंद्र शास्त्री ने पर्चियां निकालकर सुनीं श्रद्धालुओं की समस्याएं
ड्रोन कैमरों से निगरानी, एसपी दीपक भूकर ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था की कमान
यूपी का अब तक का सबसे बड़े धार्मिक आयोजन होने का दावा, राजा भैया और क्षेत्रवासियों के प्रति व्यक्त किया आभार
Kunda Shri Ram Katha Divya Darbar: बेंती राजमहल में आयोजित श्रीराम कथा का चतुर्थ दिवस भक्ति, आस्था और श्रद्धा के विशाल समागम का साक्षी बना। बागेश्वर धाम सरकार पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के मुखारविंद से चल रही कथा के साथ दिव्य दरबार का आयोजन हुआ। आयोजकों की ओर से पूरे चार दिवसीय कार्यक्रम में करीब 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का दावा किया गया। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के संयोजन में हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने भी सहभागिता की।
दिव्य दरबार के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने पर्चियां निकालकर श्रद्धालुओं की समस्याएं सुनीं। इसी बीच उन्होंने प्रेत बाधा से पीड़ित होने का अनुभव करने वाले लोगों को मंच के पास आने का आह्वान किया। इसके बाद तीनों पंडालों से बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष आगे पहुंचने लगे। हनुमान चालीसा का पाठ शुरू होने पर कुछ श्रद्धालु भावुक नजर आए। कुछ जमीन पर लेटने और झूमने लगे, जबकि कुछ लोगों का व्यवहार असामान्य दिखाई दिया। इस दृश्य ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
दरबार में धीरेंद्र शास्त्री ने स्वास्थ्य को लेकर भी महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि केवल भभूत से ही चमत्कार हो जाता तो कैंसर के अस्पताल बनवाने की आवश्यकता क्यों पड़ती। भगवान हनुमान के संजीवनी बूटी लाने का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं को दवाइयां और चिकित्सकीय इलाज जारी रखने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक आस्था के चलते कोई भी व्यक्ति अपना उपचार बंद न करे।
इससे पहले राजा भैया ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के आयोजन में पहुंचने से जुड़ा प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि बागेश्वर सरकार को प्रयाग से हेलीकॉप्टर के जरिए भी लाया जा सकता था, लेकिन वह स्वयं वहां पहुंचे। कार्यक्रम में सांसद एवं अभिनेता मनोज तिवारी ने भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। प्रदेश सरकार के मंत्री जयवीर सिंह, सांसद रमेश अवस्थी और विधायक पूजा पाल समेत कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
विशाल जनसमूह को देखते हुए प्रतापगढ़ पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। ड्रोन कैमरों से पंडाल, प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी की गई। एसपी दीपक भूकर ने राजपत्रित अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार के निर्देश दिए।
श्रीराम कथा के सफल आयोजन पर श्रृंगवेरपुर धाम महोत्सव एवं दीपोत्सव, प्रयागराज के अध्यक्ष संजय तिवारी ने राजा भैया का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने आयोजन को उत्तर प्रदेश के बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक बताते हुए राजा भैया और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।