भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन (सोर्स- नवभारत लाइव)
मेरठ

देश की सबसे शक्तिशाली ताकत हैं युवा...मेरठ युवा संवाद में नितिन नबीन ने दिया लक्ष्य, अनुभव और धैर्य का मंत्र

Nitin Nabin Meerut: मेरठ के युवा संवाद कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष ने युवाओं से 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य से जुड़ने का आह्वान किया। CM योगी ने विकास को लेकर सरकार के प्रयासों की जानकारी दी।

कपिल सोनी, स्निग्धा श्रीवास्तव

Nitin Nabin Meerut Youth Dialogue: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया और युवाओं से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 के विकसित भारत के संकल्प से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रदेेश भाजपा अध्यक्ष व केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने युवाओं से संवाद करते हुए विकसित भारत निर्माण के लिए युवा शक्ति का आह्वान किया। नितिन नवीन ने लक्ष्य, संकल्प अध्ययन, अनुभव और धैर्य को सफलता का आधार बताते हुए नशा मुक्ति, राष्ट्रप्रेम, योग, मेडिटेशन और पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया।

इस दौरान नितिन नवीन ने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए और कहा कि देश के भविष्य का निर्माण करने वाली सबसे शक्तिशाली ताकत युवा है। नितिन नवीन ने कहा कि युवाओं में अपार ऊर्जा, प्रतिभा और विचार-क्षमता है। यदि इस शक्ति को सहीं दिशा दी जाए, तो युवा देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने का लक्ष्य

नवीन ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए चल पड़ा है। आजादी के बाद देश को अक्सर क्षेत्रीय या व्यक्तिगत नजरिए से देखा गया, लेकिन अब सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ 140 करोड़ देशवासियों को एकजुट होकर आगे बढ़ना है। भारत आज दुनिया में सबसे अधिक युवा आबादी वाला देश है, इसलिए युवाओं का दायित्व सबसे बड़ा है। आज की पीढ़ी को जीवन में शॉर्टकट से बचने की आवश्यकता है।

आज का युवा भले ही रील्स देखता है, लेकिन उसे पसंद वहीं आता है जो रियल पानी यथार्थ होता है। बनावटी चीजों की पहुंच सीमित होती है. इसलिए जीवन में लक्ष्य तप करके और एक संकल्प के साथ सही रोडमैप बनाकर आगे बढ़ना चाहिए। छात्र चाहे डॉक्टर बनें, इंजीनियर बनें या उद्यमी, उनका अंतिम लक्ष्य केवल स्वयं या परिवार का विकास नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि, हमारा मानना है कि, कोई भी काम छोटा नहीं होता। बड़े मन से किया गया छोटा काम भी बड़ा हो जाता है और छोटे मन से किया गया बड़ा काम भी छोटा रह जाता है।

नशे की प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त की

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने समाज में फैल रहीं नशे की प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त की और यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 15 अगस्त को शुरू किए गए नशा मुक्ति अभियान से जुड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि, हमारा सुझाव है कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम और समर्पण की भावना को गहराई तक उत्तारने के लिए उत्तर प्रदेश में भी बॉर्डर दर्शन कार्यक्रम शुरू किया जाना चाहिए। जब युवा सीमा पर जाकर खुले आसमान के नीचे देश की रक्षा कर रहे सैनिकों को देखते हैं, तो उनके भीतर भी देश के प्रति असीम समर्पण का भाव जागृत होता है, जो उन्हें जीवन में कभी भटकने नहीं देता।

उन्होंने कहा कि लीडरशिप केवल राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि हर क्षेत्र में इसकी आवश्यकता होती है। जिस तरह क्रिकेट में एक बल्लेबाज को अच्छी बेटिंग करने के लिए पहले पिच पर जमना पड़ता है, उसी तरह युवाओं को अपने क्षेत्र की जड़ों तक जाना चाहिए। क्योंकि, लीडरशिप के तीन मुख्य स्तंभ हैं, अध्ययन, अनुभव और धैर्य। इन्हें जीवन में उतारने से किसी भी क्षेत्र में नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उसी प्रकार 100 मीटर की दौड़ में इंसान की गति की परख होती है, लेकिन लंबी दौड़ में स्टैमिना यानी धैर्य और सहनशक्ति का परीक्षण होता है। जीवन एक लंबी दौड़ है। यदि युवा अपनी सहनशक्ति और निरंतरता बनाए रखेंगे, तो वे लंबी दूरी तय करके अपनी मंजिल तक अवश्य पहुंचेंगे।

नवीन ने 2013 के इंडो-यूएस कल्चर एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत अपनी अमेरिका यात्रा का संस्मरण साझा करते हुए बताया कि वहां वह 48 घंटे एक अमेरिकी परिवार के साथ रहे। उस परिवार ने भारतीय संयुक्त परिवार व्यवस्था की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए दुख जताया था कि, अमेरिका में बच्चे अलग हो जाते हैं और त्योहारों पर भी परिवार साथ नहीं जुड़ता। लेकिन हमारे देश का युवा अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़ा रहता है और हमारे युवाओं को ऐसे ही रहना है। हम सभी युवाओं से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वैश्विक स्तर पर स्थापित किए गए योग और मेडिटेशन को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान करते हैं, ताकि युवा एकाग्रता और समर्पण के साथ काम कर सकें।

इस समय बिहार बाढ़ की समस्या से जूझ रहा है। बिहार में बाढ़ का मुख्य कारण नेपाल की तराई से आने वाला पानी है। पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के नदियों की जोड़ने के विजन दिया था। जिसे अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं। कोसी क्षेत्र में 20 हजार करोड़ रुपये की योजना से नेपाल की तराई में नदियों को जोड़ने का काम शुरू हो चुका है, जिससे इस विभीषिका से निजात मिलेगी। हिमालयी क्षेत्रों में ग्लोबल वार्मिंग के कारण कई आपदाएं उत्पन्न होती हैं। इससे बचने के लिए हम युवाओं से एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुड़कर पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आग्रह करते हैं।

10-12 वर्षों में देश में बड़े बदलाव हुए

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में देश में बड़े बदलाव हुए हैं। 10 साल पहले देश में मात्र 60 हजार मेडिकल सीटें थीं, जो आज 1.5 लाख से अधिक हो गई है। देश में विश्वविद्यालयों की संख्या 400 से बढ़कर 1100 के पार जा चुकी है। कभी हर तकनीक के लिए आयात पर निर्भर रहने वाला भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश है। रक्षा क्षेत्र में भारत आज ब्रह्मोस और मेक इन इंडिया के तहत 38 हजार करोड रुपये से अधिक के रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहा है।

कोरोना काल में भारत ने विदेशी टीकों का इंतजार करने के बजाय अपने वैज्ञानिकों पर भरोसा किया और स्वदेशी वैक्सीन बनाकर दुनिया को भी दी। मोदी सरकार ने केवल इंफ्रास्ट्रक्चर स्ट्रक्चर नहीं बदला, बल्कि देश की सोच बदली है। कल तक जिन सीमावर्ती गांवों को भारत का अंतिम गांव मानकर उनके विकास की उपेक्षा की जाती थी आज उन्हें भारत का प्रथम गांव मानकर उनकी सुरक्षा और प्रगति सुनिश्चित की जा रही है। एक समय जिन सैनिकों को अपमान का घूंट पीना पड़ता था, आज सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए उनका शौर्य पूरी दुनिया देख रही है। वोकल फॉर लोकल और वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट जैसी योजनाओं ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित किया है। जैसे मेरठ, जिसे कभी माफियाओं का केंद्र माना जाता था, आज क्रिकेट बेट और हॉकी स्टिक के निर्माण के लिए जाना जा रहा है।

युवा अब नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला

नवीन ने कहा कि आज का भारतीय युवा अब नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बन गया है। देश में 2 लाख से अधिक स्टार्टअप्स और वैश्विक स्तर पर नेतृत्व कर रहे यूनिकॉर्न्स इस बात का प्रमाण हैं। भाजपा सरकार अंत्योदय के तहत आखिरी व्यक्ति तक लाभ और विकास पहुंचाने का कार्य कर रही है। आज 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 12 करोड़ माताओं-बहनों को सम्मानजनक जीवन देने के लिए शौचालय और 3 करोड़ लखपति दीदी को स्वावलंबी बनाने का अभूतपूर्व कार्य हो रहा है। श्री नवीन ने सभी छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि वे भारत के स्पेस, इनोवेशन और विकास की इस ऐतिहासिक यात्रा से स्वयं को जोड़ें और अपनी ऊर्जा से देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्रांतिधरा पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का ‘युवा संवाद‘ कार्यक्रम में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हमने सत्ता संभालते ही युवाओं के लिए सरकारी भर्तियों को लेकर पारदर्शी व्यवस्था बनाई। अब तक 9.50 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी है। परसों से फिर मिशन रोजगार शुरू हुआ है। मंगलवार सुबह फिर ढाई हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र मिलेंगे। छह महीने में एक लाख युवाओं को नौकरी देंगे। यह क्रम अनवरत चलेगा।

IIT में क्यों टूट रही छात्रों की सांसें? 20 साल में 171 मौतें, क्या डिप्रेशन और तनाव से जूझ रहे हैं IITian

Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर में 105 बार चोरी हुई, CCTV से खुला राज; 25 सितंबर तक चार्जशीट दाखिल करेगी SIT

जमुई छात्रा से छेड़खानी! वायरल VIDEO के बाद महिला आयोग सख्त; SP को दिए गिरफ्तारी के निर्देश

भारत-न्यूजीलैंड के बीच फ्री ट्रेड समझौते को हरी झंडी, दशहरा पर 20 अक्टूबर से होगा लागू; पीयूष गोयल ने की घोषणा

Asian Games में इतिहास रचने वाली सुचिका को राष्ट्रपति मुर्मू समेत कई नेताओं ने दी बधाई, जज्बे को किया सलाम