Protest In Vrindavan Omaxe Society: वृंदावन स्थित ओमेक्स हाउसिंग सोसाइटी में कथित बढ़ते अपराध और अव्यवस्थाओं को लेकर निवासियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में सोसाइटीवासियों ने सीनियर सिटीजन ऑफिस से कंपनी कार्यालय तक जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सोसाइटी की व्यवस्थाओं में सुधार कराने के साथ ही वर्तमान मैनेजर को तत्काल हटाने की मांग की।
ओमेक्स हाउसिंग सोसाइटी के निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी में आए दिन चोरी, चेन स्नेचिंग और वाहनों के शीशे टूटने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। इन घटनाओं के चलते सोसाइटी में रहने वाले लोगों, विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और प्रबंधन से शिकायत की गई है लेकिन इन समस्याओं की अनदेखी की गई और इनका अपेक्षित समाधान नहीं हुआ।
जुलूस के दौरान निवासियों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने, नियमित निगरानी बढ़ाने और सोसाइटी की अन्य व्यवस्थाओं को सुधारने की मांग उठाई।
जोरदार प्रदर्शन के दौरान कंपनी के सेल्स ऑफिसर विपिन कुमार ने निवासियों से 24 घंटे का समय मांगा। सेल्स ऑफिसर ने आश्वासन दिया है कि वृंदावन के सोसाइटीवासियों की समस्याओं और मांगों को कंपनी के उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बता दें कि आक्रोशित निवासियों ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 24 घंटे के भीतर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है या इसके लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे दोबारा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे और मथुरा पुलिस थाने में भी शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
प्रदर्शन में अशोक गुप्ता, सतवीर प्रधान, लव कुमार, योगेश, हरमेश, प्रशांत तिवारी, संतोष कुमार शर्मा, सत्यप्रकाश, मीना शर्मा, ममता शर्मा, हेमलता गौड़, गीता शर्मा, विजय कौशिक, राकेश शर्मा और लता देवी सहित बड़ी संख्या में सोसाइटी निवासी मौजूद रहे।