मथुरा में खाली पेट्रोल टैंकर में वेल्डिंग करते समय अचानक तेज धमाका
टैंकर के अंदर काम कर रहे वेल्डर की मौके पर ही मौत, साथी घायल
टैंकर में लीकेज की समस्या ठीक करने के लिए वेल्डिंग कराई जा रही थी
Tanker Blast Welder Death: मथुरा के थाना रिफाइनरी क्षेत्र में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के पास बाद रेलवे पुल के नजदीक रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। एक खाली पेट्रोल टैंकर में वेल्डिंग करते समय अचानक तेज धमाका हो गया।
हादसे में टैंकर के अंदर काम कर रहे वेल्डर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 11:30 बजे मथुरा में रेलवे पुल के पास एक खाली पेट्रोल टैंकर खड़ा था। टैंकर में लीकेज की समस्या ठीक करने के लिए वेल्डिंग कराई जा रही थी। इसी दौरान वेल्डर टैंकर के अंदर जाकर लीकेज वाले हिस्से पर काम कर रहा था। तभी अचानक टैंकर के अंदर मौजूद ज्वलनशील गैस में आग लग गई और जोरदार धमाका हो गया।
धमाके की चपेट में आने से वेल्डर गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, टैंकर के पास मौजूद हेल्पर भी इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल हेल्पर को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
हादसे के बाद टैंकरों की मरम्मत के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि टैंकर खाली होने के बावजूद उसके अंदर पेट्रोल के अवशेष और उनसे बनी ज्वलनशील गैस मौजूद हो सकती थी। इसी वजह से वेल्डिंग के दौरान धमाका होने की आशंका है।
यूपी पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वेल्डिंग से पहले टैंकर के अंदर गैस की जांच की गई थी या नहीं। साथ ही सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए गए थे या नहीं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।