Mathura Fraud In The Name Of An Ashram: मथुरा के थाना जैंत क्षेत्र में आश्रम बनाने के नाम पर करीब ₹2.90 करोड़ की ठगी और चोरी के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चोरी गई संपत्ति का लगभग 95 प्रतिशत बरामद कर लिया है। इस उल्लेखनीय सफलता पर वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम को ₹25 हजार के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, गुजरात निवासी राकेश प्रजापति जैंत क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर पूजा-पाठ का कार्य करते थे। मथुरा में स्थायी रूप से आश्रम बनाने की इच्छा के चलते उनका संपर्क पड़ोस के एक गेस्ट हाउस संचालक राजन से हुआ। राजन ने उन्हें आश्रम के लिए जमीन दिलाने का भरोसा दिलाया। इस पर भरोसा कर राकेश ने गुजरात स्थित अपनी पैतृक संपत्ति बेच दी और करीब ₹2.90 करोड़ नकद अपने घर पर रख लिए।
पुलिस जांच में सामने आया कि राजन ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले से साजिश रची थी। योजना के तहत वह पीड़ित को जमीन दिखाने के बहाने घर से बाहर ले गया, जबकि उसके साथी पीछे से घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखी पूरी नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें- 10 हजार में हुआ मासूम का सौदा! आगरा फोर्ट स्टेशन पर मानव तस्करों के चंगुल से छुड़ाई गई 12 साल की बच्ची
जांच के दौरान पुलिस ने राजन, आलोक, प्रेमसागर और हिरेन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में दो गुजरात, एक हरियाणा के फरीदाबाद और एक उत्तर प्रदेश के कुशीनगर का निवासी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹2 करोड़ नकद, चोरी के पैसों से खरीदी गई एक नई कार, वारदात में प्रयुक्त वाहन, सोने के आभूषण, महंगे मोबाइल फोन, जिनमें iPhone 17 Pro Max, iPhone 17 Pro, Samsung Z Fold 7 और अन्य स्मार्टफोन शामिल हैं, बरामद किए हैं। इसके अलावा कुछ रकम को विदेशी मुद्रा में बदलने के मामले में संबंधित बैंक खातों को भी फ्रीज कराया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।