धू-धूकर जली चलती बस (सोर्स: नवभारत लाइव)
मथुरा

मथुरा में चलती बस बनी आग का गोला, 40 यात्रियों की अटकी सांसें; सभी सुरक्षित, डेढ़ घंटे में बुझी आग

Mathura Yamuna Expressway Accident: आग लगते ही चालक ने तत्परता दिखाई और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस और दमकल विभाग की सक्रियता से सभी यात्रियों की जान बच गई।

मोहन श्याम शर्मा, नमिता प्रजापति

Highlights:

  • राया कट पुल पर दिल्ली से छतरपुर जा रही बस में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग

  • घटना में बस और यात्रियों का सामान जलकर हुआ राख

  • राहगीरों ने ओवरस्पीड पर सख्ती और यमुना एक्सप्रेसवे पर लाइट लगाने की उठाई मांग

Bus Turns Fireball: यमुना एक्सप्रेसवे के राया कट पुल पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से छतरपुर जा रही करीब 40 यात्रियों से भरी चलती बस अचानक आग का गोला बन गई। बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई गई है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बस से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग देखकर बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

अपनी जान बचाने के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल विभाग की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि बस और यात्रियों का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।

आग को बुझाने में लगे डेढ़ घंटे

पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 1:38 बजे पीआरवी 5840 पर सूचना मिली कि राया कट पुल के ऊपर एक चलती बस में आग लग गई है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी।

कुछ ही देर में दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि पूरी बस उसकी चपेट में आ गई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

चालक ने तत्परता से बची यात्रियों की जान

जानकारी के मुताबिक, बस संख्या MP14ZH5063 खजुराहो ट्रेवल्स की थी। बस चालक जितेंद्र पुत्र मोहनलाल निवासी नौगांव, छतरपुर (मध्य प्रदेश) करीब 40 यात्रियों को लेकर दिल्ली के कश्मीरी गेट से छतरपुर जा रहा था।

इसी दौरान राया कट पुल के ऊपर बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग लगते ही चालक ने तत्परता दिखाई और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस और दमकल विभाग की सक्रियता से सभी यात्रियों की जान बच गई।

जली बस देखकर राहगीरों ने उठाए सड़क सुरक्षा पर सवाल

घटना के बाद जली हुई बस को देखकर वहां से गुजरने वाले राहगीरों ने यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। लोगों ने कहा कि एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार से दौड़ने वाले वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है। ट्रैफिक पुलिस ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

कोहरे से पहले सुरक्षा इंतजाम करने की मांग

आगामी सर्दियों और कोहरे के मौसम को देखते हुए राहगीरों ने पुलिस और प्रशासन से विशेष सतर्कता बरतने की मांग की। उनका कहना था कि कोहरे में दृश्यता कम होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन कराना और एक्सप्रेसवे पर निगरानी बढ़ाना बेहद जरूरी है।

यमुना एक्सप्रेसवे पर लाइट लगाने की उठी मांग

राहगीरों और यात्रियों ने सरकार से यमुना एक्सप्रेसवे के प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने की भी मांग की। उनका कहना था कि रात के समय रोशनी की कमी से वाहन चालकों को परेशानी होती है। एक्सप्रेसवे पर लाइटें लगाई जाएं और ओवरस्पीड वाहनों पर सख्ती की जाए। वहीं, यात्रियों की जान बचाने में चालक की तत्परता की लोगों ने सराहना की। पुलिस के मुताबिक, अभी तक मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली से बिहार, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद और हैदराबाद का हवाई सफर हुआ दोगुना, 15 दिन में 50% तक बढ़ा किराया

जाकिर नाइक के IRF पर तीसरी बार प्रतिबंध क्यों लगा? जानिए 2016 से अब तक क्या-क्या हुआ

असम के काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा, मिनी बस और ट्रक की भिड़ंत में 26 लोगों की मौत

कौन हैं अवीवा बेग, जो सोनिया गांधी की किताब से आईं सुर्खियों में? रेहान वाड्रा से है खास रिश्ता

BJP सांसद कंगना रनौत के खिलाफ शिमला में FIR, सोनिया गांधी पर की थी टिप्पणी, BNS की धाराओं में दर्ज हुआ केस