यमुना घाटों पर छठ पूजा के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे महिलाएं और श्रद्धालु
व्रतियों ने कठिन नियमों का पालन करते हुए की कल्याण की कामना
प्रशासन और नगर निगम की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को रखा गया ध्यान
Chhath Festival 2026: धर्मनगरी मथुरा-वृंदावन में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। छठ महापर्व के अवसर पर व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने यमुना के विभिन्न घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। महिलाओं ने छठी मैया और भगवान सूर्य की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भक्ति के स्वरों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
छठ पूजा को लेकर मथुरा नगर निगम की ओर से यमुना के प्रमुख घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। घाटों की साफ-सफाई से लेकर प्रकाश व्यवस्था तक का इंतजाम किया गया है, ताकि पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन और नगर निगम की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। मथुरा और वृंदावन में पूर्वांचल समाज के साथ ही अन्य समाजों के लोग भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इस पर्व में भागीदारी कर रहे हैं।
छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय की परंपरा से होती है। इसके बाद खरना की पूजा की जाती है। खरना के अवसर पर छठ व्रतियों ने पारंपरिक तरीके से चूल्हे पर गुड़ से बनी विशेष खीर तैयार की। पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इस परंपरा की विशेष मान्यता है कि खरना का प्रसाद ग्रहण करते समय व्रती मौन रहते हैं। खरना संपन्न होने के साथ ही छत्तीस घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाता है, जिसे श्रद्धालु पूरी निष्ठा और नियम-संयम के साथ पूरा करते हैं।
वृंदावन के जुगल घाट के सी घाट सहित अन्य यमुना घाटों पर छठ पूजा के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु पहुंचे। महिलाओं ने पूजा की पारंपरिक सामग्री, फल, दीपक और सूप में सजाए गए प्रसाद के साथ छठी मैया की आराधना की। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर देश और समाज में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की प्रार्थना की।
जुगल घाट पर पूर्वांचल सभा समाज की ओर से विशेष कैंप लगाया गया। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं को विधि-विधान से छठी मैया और भगवान सूर्य की पूजा कराई गई। वैदिक मंत्रों और पारंपरिक छठ गीतों के बीच महिलाओं ने पूजा संपन्न की। इस दौरान पूर्वांचल समाज के लोगों ने आयोजन में सहयोग किया और श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखा।
छठ महापर्व का विशेष महत्व सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति आस्था से जुड़ा हुआ है। इस पर्व में व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए परिवार और समाज के कल्याण की कामना करते हैं। उदय होते सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रत का पारण किया जाएगा। मथुरा-वृंदावन में छठ पूजा के आयोजन ने ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में पूर्वांचल की लोक आस्था के रंग भी घोल दिए हैं।