भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कीं
मथुरा में दो दिवसीय चिंतन बैठक का आयोजन
सीएम योगी समेत दोनों डिप्टी सीएम बैठक में शामिल
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर होगा मंथन
BJP Starts Accelerating Preparations Mathura : उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा को भाजपा के दो दिवसीय योजना एवं चिंतन बैठक के लिए चुना गया है।
सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीकॉप्टर से मथुरा पहुंचे। उनके आगमन पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री सीधे निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे।
इस बैठक में प्रदेश सरकार और संगठन के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर व्यापक विचार-विमर्श किया जा रहा है।
इस दो दिवसीय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित करीब 50 वरिष्ठ नेता और संगठन के प्रमुख पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं।
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की एक साथ मौजूदगी को देखते हुए इस बैठक को राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अयोध्या और काशी के बाद अब कान्हा की नगरी मथुरा में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का जुटना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
बैठक के माध्यम से पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति की रूपरेखा तैयार करने के साथ ही संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करेगी।
प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर पार्टी की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता के बीच सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को पहुंचाने के तरीकों पर चर्चा होने की संभावना है।
दो दिवसीय योजना बैठक में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर चर्चा महत्वपूर्ण विषय रहेंगे।
इसके साथ ही सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय, क्षेत्रवार राजनीतिक परिस्थितियों और चुनावी तैयारियों की समीक्षा भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहने की संभावना है।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में प्रदेश के राजनीतिक हालात तथा सरकार के कामकाज को लेकर भी विचार-विमर्श होगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की प्राथमिकताओं और कार्ययोजना पर अपनी बात रखेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं के मथुरा आगमन को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी नेताओं के कार्यक्रम को लेकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।
मथुरा में आयोजित भाजपा की यह दो दिवसीय बैठक वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
अब राजनीतिक और संगठनात्मक हलकों की निगाहें इस बैठक पर टिकी हैं कि कृष्ण की नगरी में होने वाले इस मंथन से भाजपा की आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक कार्ययोजना की कौन-सी रूपरेखा सामने आती है।