Akhilesh Yadav Statement On Viral Video: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में तैनात सीओ सिटी अशोक सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। मैनपुरी के पोस्टमार्टम हाउस में एलाऊ थाना क्षेत्र में हुई हत्या के बाद परिजनों से बातचीत के दौरान यह घटना हुई। जब कुछ लोग उनका वीडियो बनाने लगे तो पहले उन्होंने मना किया,लेकिन न मानने पर उन्होंने गुस्से में मूंछों पर ताव देते हुए कहा कि वीडियो बनाकर अखिलेश यादव को भेज देना। जून 2026 में औरैया से ट्रांसफर होकर आए मूल रूप से आजमगढ़ निवासी अशोक सिंह के इस बयान पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर हमला बोला है।
दरअसल, एलाऊ थाना क्षेत्र में संतोष नगर गांव के पास शराब के ठेके के सामने ट्रक कंडक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें चालक भी घायल हो गया था। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस ले जाया गया, जहां सीओ सिटी अशोक सिंह परिजनों से बात कर रहे थे।
इसी दौरान कुछ लोग उनका वीडियो बना रहे थे। इस पर सीओ सिंह ने कथित तौर पर मूंछों पर ताव देते हुए कहा कि वीडियो बनाकर अखिलेश यादव को भेज देना। जून 2026 में औरैया से ट्रांसफर होकर आए मूल रूप से आजमगढ़ निवासी अशोक सिंह के इस बयान का वीडियो वायरल होने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर वीडियो साझा करते हुए हमला बोला। उन्होंने लिखा कि "सिर पर सत्ता-सजातीय हाथ होने की वजह से इनकी मूंछों पर ताव है।" उन्होंने आगे लिखा, "ऐसे लोगों से इंसाफ की उम्मीद नहीं की जा सकती, लेकिन अब यह कुछ दिनों की बात है क्योंकि बदलाव दस्तक दे रहा है।"
अखिलेश यादव ने यह भी स्पष्ट किया कि वे निलंबन की मांग नहीं करेंगे। देखिए अखिलेश यादव की पोस्ट
सिर पर ‘सत्ता-सजातीय’ हाथ है
इसीलिए इनकी मूंछों पर ताव है
ऐस लोगों से क्या होना इंसाफ़ है
पर अब ये कुछ दिनों की बात है
क्योंकि दस्तक दे रहा बदलाव है
हम निलंबन की मांग नहीं करेंगे!
सोशल मीडिया पर बुधवार को एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें थाना एलाऊ क्षेत्र में ट्रक परिचालक की गोली मारकर हत्या के बाद पुलिस पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद थी। हंगामे के बीच सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह की कुछ लोगों से बहस हो रही थी, तब सीओ ने वीडियो बना रहे कुछ लोगों से वीडियो को पूर्व मुख्यमंत्री को भेजने की बात कही।
वीडियो में सीओ मूंछों पर ताव देखते हुए भी दिख रहे हैं। हंगामे में मौजूद एक युवक लगातार बोल रहा था कि अखिलेश भैया से शिकायत करेंगे, तो सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने कह दिया कि बनाओ वीडियो, वायरल कर देना और अखिलेश यादव को भेज देना। यह वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी तमाम तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
इसके बाद सीओ सिटी ने बताया कि एलाऊ क्षेत्र में ट्रक परिचालक की हत्या की गई थी। इस घटना में शामिल मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया था। जिसके बाद एक प्रधान लगातार कुछ अन्य लोगों को फंसाने के लिए हंगामा कर रहा था। जो भी नाम बताए गए उनके बारे में जानकारी की गई तो वह लोग घटना में शामिल नहीं पाए गए।