Highlights:
बीजेपी की सामाजिक संपर्क बैठक, स्लोगन 'अनेक समाज, एक परिवार'
ब्रजेश पाठक बोले, तीसरी बार बनेगी बीजेपी सरकार
सपा की प्रत्याशी सूची पर तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप
BJP's Social Outreach Meeting Held Deputy CM Residence : राजधानी लखनऊ में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के सरकारी आवास पर बुधवार को बीजेपी की सामाजिक संपर्क बैठक आयोजित की गई। बैठक का स्लोगन 'अनेक समाज, एक परिवार' रखा गया।
राजभवन कॉलोनी स्थित आवास पर हुई इस बैठक की अध्यक्षता डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने की।
बैठक में धारकर, सोनकर, धानुक और स्वर्ण समाज समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए अलग-अलग समाजों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बीजेपी के पूर्व सांसद विनोद सोनकर समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। बैठक में सभी समाजों को एक मंच पर लाकर आपसी संवाद और सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान प्रदेश के विकास, सरकार की उपलब्धियों और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने पर चर्चा हुई। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश 25 करोड़ लोगों का एक बड़ा परिवार है।
पिछले 10 वर्षों में प्रदेश ने विकास की नई कहानी लिखी है। सरकार ने कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में सफलता हासिल की है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास' के मंत्र पर गरीब कल्याण की योजनाओं ने हर परिवार का दिल जीता है।
बीजेपी सभी समाजों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में भी बीजेपी उत्तर प्रदेश में तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
बैठक में सभी समाजों के प्रतिनिधियों ने परिवार की तरह बैठकर विचार-विमर्श किया। इसके साथ ही सामूहिक भोजन का भी कार्यक्रम रखा गया। बैठक के जरिए विभिन्न समाजों के बीच संवाद और संपर्क बढ़ाने का संदेश दिया गया।
वहीं, समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी सूची पर निशाना साधते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा ने केवल तुष्टीकरण की राजनीति के तहत सूची जारी की है।
उसका सर्व समाज से कोई लेना-देना नहीं है और उसने सभी समाजों के बीच अपना महत्व खो दिया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी अब जन-जन की पार्टी बन चुकी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सभी समाजों का आशीर्वाद मिल रहा है।