पानीपत-खटीमा हाईवे पर पलटने के बाद कार में आग लगी
मृतकों में दो सगे भाई शामिल, सभी हरियाणा के रहने वाले थे
कार की नंबर प्लेट से मालिक का पता चला
Muzaffarnagar Six Friends Burnt Alive: मुजफ्फरनगर में सोमवार को भीषण सड़क हादसे में 6 युवकों की मौत हो गई। नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर होकर पहले बिजली के पोल से टकराई और फिर डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पलट गई।
इसके बाद कार में अचानक तेजी से आग लग गई। जिससे अंदर बैठे युवकों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसा जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर तितावी थाना क्षेत्र के जग्गाहेड़ी के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ। कार सवार सभी युवक हरियाणा के के रहने वाले थे। उनकी उम्र 19 से 23 साल के बीच थी। इनमें दो सगे भाई भी शामिल थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक ड्राइवर का नियंत्रण बिगड़ा और गाड़ी बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल दो टुकड़ों में टूट गया। इसके बाद कार डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पलट गई और उसमें आग लग गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कार के अंदर सभी छह युवकों की मौत हो चुकी थी। आग से शव बुरी तरह झुलस गए थे।
पुलिस ने कार की बची हुई नंबर प्लेट HR 66D 6390 के आधार पर मालिक प्रवीण का पता लगाया। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले हिसार निवासी साहिल कार लेकर गया था। साहिल उनका रिश्तेदार है। इसके बाद पुलिस ने उसके परिवार से संपर्क किया। परिजनों ने बताया कि वह दोस्तों के साथ हरिद्वार गया था।
परिजनों के मुताबिक, दोस्तों ने दिवाली की रात हरिद्वार जाने का प्लान बनाया था। सभी सोमवार तड़के करीब 12 बजे राखीगढ़ी गांव से निकले थे। वे सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान करने जा रहे थे।
मृतकों की पहचान राहुल (22), उसके भाई अंकित (21), साहिल (22), अजय (22), अमन (19) और दूसरे अंकित (23) के रूप में हुई है। इनमें चार युवक राखीगढ़ी और दो मोठ लुहारी गांव के रहने वाले थे।
एसपी देहात अक्षय संजय महादिक ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।