Highlights:
लखनऊ में कहीं मायावती को दुर्गा का स्वरूप मानकर पूजा
कहीं राहुल और अखिलेश यादव की तस्वीरों वाले रावण पोस्टर
कांग्रेस और सपा समर्थकों ने जताई नाराजगी
Lucknow Dussehra Poster Controversy: राजधानी लखनऊ में दशहरे से पहले दो अलग-अलग घटनाओं ने राजनीतिक और सामाजिक चर्चा को हवा दे दी है। एक ओर 1090 चौराहे पर बसपा प्रमुख मायावती को आठ भुजाओं वाली देवी के स्वरूप में दर्शाकर पूजा-अर्चना की गई, वहीं दूसरी ओर शहर के विभिन्न इलाकों में राहुल गांधी और अखिलेश यादव समेत कई चर्चित हस्तियों को रावण के दस सिरों के रूप में दिखाने वाले पोस्टर सामने आए।
लखनऊ में दशहरे से पहले लगाए गए एक होर्डिंग को लेकर राजनीतिक विवाद सामने आया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीरों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कई अन्य चर्चित हस्तियों को रावण के दस सिरों के रूप में दर्शाया गया है। होर्डिंग पर ‘रावण सनातन भारत के शत्रु’ शीर्षक लिखा होने की जानकारी सामने आई है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, ये पोस्टर सनातन रक्षा संगठन की ओर से लगाए गए थे। बताया गया है कि हजरतगंज और गोमती नगर समेत राजधानी के कुछ प्रमुख इलाकों में ऐसे होर्डिंग लगाए गए।
इन पोस्टरों में केवल भारतीय राजनीतिक नेताओं को ही निशाना नहीं बनाया गया, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित कई लोगों की तस्वीरें भी शामिल बताई गई हैं। इनमें अमेरिकी उद्यमी एलन मस्क, निवेशक जॉर्ज सोरोस, अमेरिकी सांसद इल्हान उमर और बांग्लादेश के मुहम्मद यूनुस के नाम शामिल हैं।
पोस्टरों को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों की नाराजगी की खबरें सामने आई हैं। कुछ स्थानों पर सपा कार्यकर्ताओं द्वारा पोस्टर फाड़े जाने की भी जानकारी मिली है।
इसी बीच लखनऊ के 1090 चौराहे पर रविवार को एक अलग तरह का दृश्य देखने को मिला। रिपोर्टों के अनुसार, आशुतोष पाठक नाम के व्यक्ति ने बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती की आठ भुजाओं वाली तस्वीर के सामने दीपक जलाकर पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। उन्होंने शंखनाद भी किया तथा मायावती को मां दुर्गा का अवतार बताते हुए उन्हें पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
रिपोर्ट: इशांक दीक्षित लखनऊ