'राधे-राधे, कमल खिला दे' पर अखिलेश यादव के तंज से आमने-सामने आये भाजपा-सपा
केशव प्रसाद मौर्य ने किया पलटवार- सपाई पहले ‘जय श्रीराम’ से घबराते थे, अब ‘राधे-राधे’ सुनकर भी बेचैन हैं
डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा अपनी पंचर साइकिल पर ध्यान नहीं देती।
Keshav Prasad Maurya Counter Attack On Akhilesh Yadav: राजनीति में आरोप प्रत्यारोप का दौर हमेशा ही रहता है लेकिन जब चुनाव नजदीक होता है जुबानी जंग तेज हो जाती है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने 'राधे-राधे, कमल खिला दे' नारे को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर हमला किया था। इसका पलटवार करते हुए यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा को घेरा है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने दावा किया कि यूपी में फिर भाजपा जीतने जा रही है। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या अब प्रदेश की जनता को उनसे पूछकर अपने आराध्य का नाम लेना पड़ेगा। बता दें कि सपा प्रमुख ने शनिवार को कहा था कि हमारे क्षेत्र में विदाई के समय राधे राधे कहने की परंपरा है, इसलिए इस बार की विदाई भी राधे राधे वाली ही होने जा रही है।
केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा- 'सपाई पहले ‘जय श्रीराम’ से घबराते थे, अब ‘राधे-राधे’ सुनकर भी बेचैन हैं! अयोध्या में ‘जय श्रीराम’ गूंजता है तो ब्रज में लोग ‘राधे-राधे’ कहकर एक-दूसरे का हाल पूछते हैं। सपा बहादुर को ये साफ करना चाहिए कि अब प्रदेश की जनता को उनसे पूछकर अपने आराध्य का नाम लेना पड़ेगा क्या? तुष्टिकरण में डूबी सपा कान खोलकर सुन ले, ‘जय श्रीराम’ भी गूंजेगा और ‘राधे-राधे’ भी। 2027 में सत्ता में लौटने का सपाइयों का 'सपना' फिर टूटेगा और उत्तर प्रदेश में फिर एक बार ‘कमल’ खिलेगा!'
डिप्टी सीएम ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि जब सपा 'जय श्री राम' और 'राधे-राधे' के नाम से घबराती है। 'राधे-राधे' सिर्फ एक नारा नहीं है, यह भक्ति प्रकट करने का एक तरीका है। उन्होंने कहा कि सपा अपनी पंचर साइकिल पर ध्यान नहीं देती।
उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस दोनों गरीबों, पिछड़े वर्गों और दलितों की विरोधी है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद से, 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, पूरी दुनिया के लिए एक संदेश है कि जब सत्ता का इस्तेमाल ईमानदारी और जिम्मेदारी की भावना के साथ किया जाता है, तो 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालना संभव है।