लखनऊ डबल मर्डर-सुसाइड केस डिजाइन फोटो
लखनऊ

लखनऊ डबल मर्डर-सुसाइड केस में दिव्या की बहन ने किए बहुत बड़े खुलासे, मानस को लेकर क्या बताया?

Lucknow Double Murder Suicide Case: लखनऊ डबल मर्डर-सुसाइड केस में दिव्या की बहन ने मानस पर पीछा करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस स्टेटस, तलाक दस्तावेज और फोरेंसिक सबूत जांच रही है।

अर्पित शुक्ला

Pragya Mishra on Lucknow Double Murder Suicide Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश गोमती नगर इलाके में हुए डबल मर्डर और सुसाइड मामले ने सनसनी फैला दी है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में कार्यरत मानस बाजपेयी पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा (37) की गोली मारकर हत्या की। इसके बाद घर लौटकर अपनी बहन की हत्या करने के बाद खुद को भी गोली मार ली।

घटना के बाद जहां मानस के कथित WhatsApp स्टेटस से पत्नी पर धोखा देने का आरोप सामने आया, वहीं अब दिव्या की बहन प्रज्ञा मिश्रा की सोशल मीडिया पोस्ट ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। प्रज्ञा ने अपने पोस्ट में मानस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस ने अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है।

मृतका की बहन का दावा- अलग रह रही थी दिव्या

प्रज्ञा मिश्रा के मुताबिक, दिव्या अपने पति के व्यवहार और अपनी ननद की बीमारी के कारण अलग रह रही थीं। उन्होंने दावा किया कि घटना वाले दिन दिव्या रोज की तरह बैंक गई थीं और काम के सिलसिले में अपने एक सहकर्मी के साथ बाहर भी गई थीं।

प्रज्ञा ने आरोप लगाया कि इसी दौरान मानस कथित तौर पर दो हथियारों के साथ ऑटो से उनका पीछा और रेकी कर रहा था। उनके मुताबिक, बैंक लौटने पर मानस ने दिव्या पर गोली चलाई और फिर उन पर हमला किया।

हालांकि, पुलिस ने अभी सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए इन दावों की पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां घटनास्थल से मिले सबूतों और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही हैं।

WhatsApp स्टेटस में पत्नी पर लगाया था धोखे का आरोप

पुलिस की शुरुआती जांच में मानस के WhatsApp स्टेटस को भी अहम सुराग माना जा रहा है। बताया गया है कि पत्नी की हत्या के बाद और खुदकुशी से पहले उसने WhatsApp पर पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया था।

पुलिस के मुताबिक, स्टेटस में मानस ने पत्नी दिव्या की हत्या करने और इसके बाद खुद तथा अपनी बहन को मारने की बात लिखी थी। अब पुलिस इस स्टेटस के अलावा तलाक से जुड़े दस्तावेज, मोबाइल डेटा, घटनास्थल से मिले सबूत और परिवार के बयानों की भी जांच कर रही है।

करीब एक साल से अलग रह रहे थे पति-पत्नी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मानस और दिव्या के वैवाहिक संबंध लंबे समय से तनावपूर्ण थे। दोनों करीब एक साल से अलग रह रहे थे और तलाक की प्रक्रिया भी चल रही थी।

पुलिस को घर से तलाक की कानूनी प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज भी मिलने की बात सामने आई है। दिव्या के परिवार ने भी दोनों के बीच लंबे समय से विवाद होने का दावा किया है।

मानस की बहन की मौत भी जांच का अहम हिस्सा

इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि पत्नी की हत्या के बाद मानस ने अपनी बहन को क्यों मारा। जानकारी के मुताबिक, उसकी बहन शीबा बाजपेई करीब तीन साल से डिप्रेशन का इलाज करा रही थीं।

मानस के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी और वह अपनी बहन के साथ रहता था। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बहन की स्थिति और उसकी देखभाल को लेकर मानस के मन में क्या चल रहा था और क्या इसका इस घटना से कोई संबंध था।

तीन पिस्तौल बरामद

लखनऊ पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा के मुताबिक, शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद का पहलू सामने आया है। पुलिस ने घटनास्थलों से तीन पिस्तौल बरामद की हैं और फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

फिलहाल पुलिस कई कड़ियों को जोड़कर घटना की पूरी वजह जानने में जुटी है। मानस का WhatsApp स्टेटस, तलाक से जुड़े दस्तावेज, परिजनों के बयान और दिव्या की बहन द्वारा लगाए गए आरोप इन सभी की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस भयावह वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।

PM मोदी ने सचिवों को दी नई कार्यशैली की सीख, डेटा, AI और समन्वय को बताया भविष्य की कुंजी

अखिलेश यादव का बड़ा सियासी दांव! इमरान मसूद के परिवार में सेंधमारी, दामाद शायान मसूद की SP में धमाकेदार एंट्री

चीनी की बढ़ती कीमतों पर मंत्री श्रवण कुमार का अजीब बयान, कहा- आजकल मिठाई कौन खाता है?

Explainer: 11% आबादी, 100 से ज्यादा सीटों पर असर; यूपी में ब्राह्मणों को साधने में क्यों जुटे बुआ और बबुआ?

PM मोदी पर विवादित टिप्पणी पड़ी भारी, सेलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट जानमोनी दास गिरफ्तार; बाद में मिली जमानत